
सुब्रह्मण्यम स्वामी ने अमित शाह से मांगा इस्तीफा (Photo-IANS)
Ladakh Protest: लद्दाख के लेह शहर में बुधवार को हिंसा भड़क गई। प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी ऑफिस और CRPF के वाहन में आग लगा दी। इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने भीड़ पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया। बुधवार को हुई हिंसा में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। लेह में हुई हिंसा के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
लेह हिंसा को लेकर बीजेपी नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- अमित शाह को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वे लद्दाख में शांति बनाए रखने में विफल रहे है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने लद्दाख आंदोलन पर कहा कि आज वहां जो हो रहा है, वो बेहद चिंताजनक है। हर सच्चे देशभक्त को लद्दाख के लोगों का साथ देना चाहिए। हमने अंग्रेज़ों से इसलिए आज़ादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेज़ों की बजाय बीजेपी की गुलाम बन जाए?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज बीजेपी सत्ता के नशे में चूर होकर एक के बाद एक राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना रही है, संविधान द्वारा दिए गए अधिकार छीन रही है।
उन्होंने आगे कहा- लदाख के लोग क्या मांग रहे हैं? वो सिर्फ़ अपनी वोट का अधिकार, सरकार चुनने का अधिकार मांग रहे हैं। लेकिन भाजपा उनकी आवाज़ दबा रही है।बार बार वादा कर के भी उन्हें वोट का अधिकार नहीं दे रही। देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इस तानाशाही के ख़िलाफ़ अब चुप नहीं बैठा जा सकता। आज लदाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।
लेह हिंसा को लेकर कांग्रेस ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा- जब भी कोई मुद्दा उठता है और BJP के पास कोई जवाब नहीं होता, तो वे कांग्रेस को दोष देते हैं। लद्दाख के लोगों के पास पहले एक राज्य था और अब वे राज्य का दर्जा और विशेष दर्जा मांग रहे हैं। वे लंबे समय से इसकी माँग कर रहे हैं, लेकिन भाजपा का कोई भी व्यक्ति उनसे बात तक नहीं कर रहा है। इसके बजाय, सरकार अंतरराष्ट्रीय साज़िशों के आरोप लगाती है।
Updated on:
25 Sept 2025 03:34 pm
Published on:
25 Sept 2025 03:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
