26 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अगर मोदी हमारे नेता नहीं होते तो BJP 150 सीटें भी नहीं जीत पाती, निशिकांत दुबे ने ऐसा क्यों कहा, जानिए वजह

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पार्टी की चुनावी सफलता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि कई वर्ग जो पहले भाजपा को वोट नहीं देते थे, अब पार्टी का समर्थन कर रहे हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Shaitan Prajapat

•

Updated: 18 Jul 2025, 7:25 PM IST

मोदी नहीं होते तो भाजपा 150 सीटें भी नहीं जीत पाती: निशिकांत दुबे फोटो-पत्रिका

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिना पार्टी 150 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। दुबे का यह बयान BJP में मोदी के नेतृत्व की अहमियत को दर्शाता है। निशिकांत दुबे ने कहा कि पीएम मोदी की वजह से ही वो वर्ग भी BJP को वोट देने लगा, जिसने पहले कभी पार्टी को वोट नहीं दिया था। दुबे ने कहा, आज नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। अगर पीएम मोदी हमारे नेता नहीं होते, तो BJP 150 सीटें भी नहीं जीत पाती। गरीब वर्ग ने मोदी पर विश्वास किया, जिसकी वजह से हमारा वोट बैंक बढ़ा। कुछ लोगों को यह अच्छा लगे या ना लगे, लेकिन यह सच्चाई है।

मोदी के नेतृत्व में 2029 का चुनाव भी लड़ेगी BJP

गोड्डा से चार बार सांसद रहे निशिकांत दुबे ने कहा, 2029 का चुनाव भी BJP की मजबूरी है कि मोदीजी के नेतृत्व में ही लड़ा जाए। BJP को मोदीजी की जरूरत है। एक कार्यकर्ता के तौर पर मैं मानता हूं कि हमें मोदीजी का नेतृत्व चाहिए।

दुबे ने साफ किया कि उनका बयान विवाद पैदा करने के लिए नहीं था बल्कि यह जमीनी हकीकत को दर्शाता है। उन्होंने कहा, यह हकीकत है कि मोदी का नाम ही पार्टी के लिए वोट सुनिश्चित कर देता है। लोग पीएम मोदी पर विश्वास करते हैं, इसलिए जब तक उनका स्वास्थ्य अनुमति देगा, हमें उनके नेतृत्व की आवश्यकता रहेगी ताकि 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा किया जा सके।

RSS प्रमुख के बयान पर निशिकांत दुबे का जवाब

जब RSS प्रमुख मोहन भागवत के 75 वर्ष की आयु में पद छोड़ने वाले बयान पर सवाल पूछा गया, तब दुबे ने कहा, BJP को मोदी की जरूरत है। कोई माने या न माने, राजनीतिक पार्टी व्यक्तित्व पर भी चलती है। 15-20 साल तक मोदी ही नेता रहेंगे। उन्होंने कहा, लोग भविष्य को लेकर सवाल करते हैं, यह स्वाभाविक है। लेकिन जब आप जमीनी स्तर पर काम करते हैं तो सच्चाई समझ आती है। मैंने 2009 में चुनाव लड़ा था और मात्र 6,000 वोटों से जीता था। छह में से पांच विधानसभा क्षेत्रों में हार गया था, जो चुनाव की चुनौतियों को दर्शाता है।

2014 और 2019 में BJP को मिली ऐतिहासिक जीत

गौरतलब है कि 2014 लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में BJP ने पहली बार अपने दम पर बहुमत प्राप्त किया था, जब पार्टी ने 282 सीटें जीती थीं। इसके बाद 2019 में BJP ने यह आंकड़ा बढ़ाकर 303 सीटों तक पहुंचा दिया। NDA ने 350 से अधिक सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

इन राज्यों में पहली बार बनी बीजेपी की सरकार

पीएम मोदी के नेतृत्व में BJP ने विधानसभा चुनावों में भी कई राज्यों में विजय हासिल की। त्रिपुरा, असम, हरियाणा और ओडिशा जैसे राज्यों में BJP ने पहली बार सरकार बनाई। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी का प्रभाव बढ़ा और दक्षिण भारतीय राज्यों में भी पार्टी ने अपना जनाधार मजबूत किया।

BJP के लिए मोदी का नेतृत्व क्यों जरूरी?

दुबे ने कहा, जब मोदी आए, तब गरीब तबका BJP से जुड़ा, जिसने पहले कभी BJP को वोट नहीं दिया था। उनका नेतृत्व, नीतियां और गरीबों, किसानों व युवाओं के लिए योजनाओं ने BJP को नई ऊंचाई दी है। 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के लिए मोदीजी का नेतृत्व आवश्यक है। निशिकांत दुबे के इस बयान ने BJP के भीतर मोदीजी की नेतृत्व भूमिका पर मुहर लगा दी है। आने वाले चुनावों में भी पार्टी उनके नेतृत्व में ही आगे बढ़ने की तैयारी में है।