
Dark Pattern पर सरकार का बड़ा एक्शन, 9 प्लेटफॉर्म पर जुर्माना,photo source@AI
CCPA Action: सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने ग्राहकों को गुमराह करने वाले "डार्क पैटर्न" का इस्तेमाल करने के आरोप में इंडिगो, जेप्टो, और स्पाइसजेट समेत 9 डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जुर्माना लगाया है। उपभोक्ता मामलों के विभाग (Department of Consumer Affairs) ने बताया कि सरकार ने डिजिटल व्यापार में अपनाई जा रही भ्रामक गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा उपायों को और सख्त बनाया है।
डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर ऐसे भ्रामक यूजर इंटरफेस (UI) डिजाइन, जो ग्राहकों के निर्णय और पसंद को प्रभावित करते हैं, डार्क पैटर्न कहलाते हैं। इनमें छिपे हुए शुल्क (Hidden Charges), जबरन सब्सक्रिप्शन, भ्रामक काउंटडाउन टाइमर और सब्सक्रिप्शन रिन्यूअल के लिए चालाकी भरे प्रॉम्प्ट जैसे तरीके शामिल हैं।
'डार्क पैटर्न की रोकथाम एवं विनियमन, 2023' (Prevention and Regulation of Dark Patterns, 2023) के तहत ऐसे 13 प्रकार के भ्रामक इंटरफेस डिजाइन की पहचान की गई है। इनमें झूठी जल्दबाजी (False Urgency), बास्केट स्नीकिंग (Basket Sneaking), सब्सक्रिप्शन ट्रैप, ड्रिप प्राइसिंग (Drip Pricing), कन्फर्म शेमिंग (Confirm Shaming) और ट्रिकी सवाल (Trick Questions) शामिल हैं।
CCPA ने जून 2025 में सभी ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म के लिए एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें उनसे अपने प्लेटफ़ॉर्म पर डार्क पैटर्न की पहचान करने के लिए सेल्फ-ऑडिट करने को कहा गया था।
सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा में लिखित जवाब में बताया कि तब से अब तक रेगुलेटर ने दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने वाले प्लेटफॉर्म से लगभग 20 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो मार्केटप्लेस पर 7 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। CCPA को शिकायत मिली थी कि प्लेटफॉर्म शुरुआत में कम कीमत दिखाता था, लेकिन बाद में हैंडलिंग चार्ज और मेंबरशिप शुल्क जोड़कर ग्राहकों से अतिरिक्त राशि वसूलता था।
जांच में पाया गया कि हैंडलिंग चार्ज 'ड्रिप प्राइसिंग' के अंतर्गत आता है, जबकि बिना अनुमति के मेंबरशिप जोड़ना 'बास्केट स्नीकिंग' माना गया। सरकार ने बताया कि जेप्टो ने इस डार्क पैटर्न को बंद कर दिया है।
CCPA ने स्वतः संज्ञान लेते हुए डिजिटल एजुकेशन प्लेटफॉर्म फिजिक्स वाला (Physics Wallah) पर 5 लाख रुपए जुर्माना लगाया।
जांच में पाया गया कि PW फाउंडेशन के लिए 10 रुपये का दान (Donation) पहले से ही चयनित (Pre-selected) रहता था। इसके अलावा, ग्राहकों को पहले से चयनित दान राशि बनाए रखने के लिए प्रेरित करने वाले संदेश भी दिखाए जाते थे।
मूवी टिकट बुकिंग प्लेटफ़ॉर्म BookMyShow को अपने चैरिटेबल अभियान BookASmile के लिए पहले से टिक किए गए एक रुपये के योगदान (Contribution) को हटाने के निर्देश दिए गए।
Updated on:
05 Aug 2026 05:58 pm
Published on:
05 Aug 2026 05:58 pm
