1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Breaking: अभिषेक बनर्जी के घर पर पहुंची CID, ममता बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे के घर सीआईडी टीम पहुंची है। टीम डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी से पूछताछ भी कर सकती है। पढ़ें पूरी खबर...

2 min read
Google source verification
Diamond Harbour Municipal Board Dissolved

फोटो में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी (इमेज सोर्स: ANI)

CID Team at Abhishek Banerjee's Residence: तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर सीआईडी टीम पहुंची है। कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच को लेकर पश्चिम बंगाल पुलिस की CID टीम अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची है। इससे पहले CID ने अभिषेक को पूछताछ के लिए दफ्तर बुलाया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अभिषेक बनर्जी ने CID ऑफिस जाने से इनकार कर दिया था।

अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए CID मुख्यालय बुलाया गया था

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को सोमवार दोपहर सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन में तलब किया गया। उनसे पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुछ महत्वपूर्ण पदों के लिए नामांकन से जुड़े दस्तावेजों पर विधायकों के हस्ताक्षरों में पाई गई कथित विसंगतियों के संबंध में पूछताछ को लेकर तलब किया गया।

फर्जी हस्ताक्षर मामले में एसआईटी का हुआ गठन

पश्चिम बंगाल पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायकों के कथित फर्जी हस्ताक्षरों के मामले की जांच तेज कर दी है। इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय एसआईटी बनाई गई है। जानकारी के मुताबिक, टीम का नेतृत्व डीआईजी रैंक के एक अधिकारी कर रहे हैं। इसके अलावा टीम में एक डीएसपी और दो इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।

सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुआ था हमला

वहीं, यह पूरा मामला दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी के साथ हुई कथित धक्का-मुक्की और हमले की घटना के कुछ दिनों बाद सामने आया है। शनिवार को दो निजी अस्पतालों के भर्ती से इनकार करने के बाद, उनकी बुआ और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन्हें दक्षिण कोलकाता के कालीघाट रोड स्थित उनके आवास पर वापस ले गई थीं। ममता बनर्जी ने कहा था कि उनके भतीजे के इलाज के लिए घर पर ही अस्पताल जैसी सुविधा तैयार की गई है।

अभिषेक को जान से मारने की कोशिश

अपने भतीजे को मुश्किल में देखते हुए ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। ममता ने कहा कि अभिषेक को मारने की कोशिश की जा रही है। अगर अधिकारियों ने टीएमसी नेताओं पर हुए हमलों के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी तो वह अपना विरोध दिल्ली ले जाएंगी। ममता ने आगे कहा कि कोलकात में 2 जून को प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह अपना आंदोलन जारी रखेंगी।