
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Photo- ANI)
PM Modi student protest cases: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले छात्रों को माफ करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद सियासत तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी से सोशल मीडिया पर केवल माफी की बात करने के बजाय छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और इसके लिए पुलिस को निर्देश देने की मांग की है।
एएनआई से बातचीत में अभिजीत दीपके कहा, 'सिर्फ इंस्टाग्राम पर माफी की पेशकश न करें, बल्कि पुलिस को भी मामलों को वापस लेने का निर्देश दें। इन छात्रों के खिलाफ दर्ज केस वापस लिए जाएं।'
उन्होंने 20 जुलाई को छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री से औपचारिक माफी की मांग करते हुए कहा, '20 जुलाई को जिन छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, जिनके सिर पर चोट लगी, जिन्हें पेलेट गन के छर्रे लगे और जिनके हाथ-पैर टूट गए, प्रधानमंत्री मोदी पहले उनसे माफी मांगें। उसके बाद ही माफी की बात करें।'
उन्होंने आगे कहा, 'माफी देने से पहले आपको माफी मांगनी चाहिए। 20 जुलाई को जो बर्बरता हुई, वैसी हिंसा छात्रों के खिलाफ इस देश में पहले कभी नहीं देखी गई। इसलिए मेरा मानना है कि नरेंद्र मोदी को सबसे पहले इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। तभी वह दिखा पाएंगे कि उनका दिल कितना बड़ा है।'
अभिजीत दीपके ने भाजपा की आईटी सेल पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि भाजपा की आईटी सेल ने खासकर महिलाओं के खिलाफ डर और धमकी का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा, 'मेरे विचार में, वर्षों से भाजपा की आईटी सेल महिलाओं को अपशब्द कहती रही है और उन्हें धमकियां देती रही है। यदि आप उनके कई सोशल मीडिया प्रोफाइल देखें, तो वहां अक्सर 'Followed by PM Modi' लिखा होता है। मेरी राय में, इससे उन्हें यह महसूस होता है कि उन्हें शीर्ष स्तर से समर्थन प्राप्त है।
दीपके ने आगे कहा, 'यह सब अभद्र भाषा से शुरू होता है। वे महिलाओं का सम्मान नहीं करते। वे बार-बार महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश करते हैं। वे किसी भी तरह महिलाओं को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते।'
Updated on:
02 Aug 2026 09:42 am
Published on:
02 Aug 2026 09:30 am
