
CJP ने 24 जुलाई को बुलाया देशव्यापी प्रदर्शन (Photo-IANS)
CJP Protest: मोदी सरकार ने एक बार फिर कॉकरोच जनता पार्टी को बातचीत का न्योता दिया है। इसके साथ ही सरकार ने यह भी बताया कि बुधवार से लेकर गुरुवार तक सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए चार बार औपचारिक प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। सरकार के इस ऐलान के बाद CJP ने बड़ा कदम उठाया है। सीजेपी ने अपने समर्थकों से 24 जुलाई को पूरे देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है। साथ ही इस आंदोलन को दिल्ली से आगे ले जाने की भी अपील की।
कॉकरोच जनता पार्टी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे हर शहर और हर गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें, ताकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को मजबूती मिल सके। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा- आइए, इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर का बनाएं। 24 जुलाई को कृपया पूरे देश में, हर शहर और हर गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करें।
बता दें कि 20 जुलाई से 22 जुलाई के बीच जंतर-मंतर और उसके आसपास कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा से जुड़े सभी 11 मामलों की जांच अब दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) करेगी। इसको लेकर गुरुवार को एक आदेश भी जारी कर दिया है। जिसमें कहा गया- संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, बाराखंबा रोड, मंदिर मार्ग और कर्तव्य पथ पुलिस थानों में दर्ज इन सभी मामलों को आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित कर दिया गया है।
सीजेपी के आंदोलन पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामले में सरकार ने समय रहते उचित कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया, समय पर दोबारा परीक्षा आयोजित कराई और बिना किसी देरी के परिणाम घोषित किए, ताकि छात्र उच्च शिक्षा संस्थानों में दाखिला लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकें।
वित्त मंत्री ने कहा कि कई छात्रों ने पेपर लीक से हुए नुकसान पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा कि कुछ युवा सामने आकर कह रहे हैं कि पेपर लीक होने से उन्हें बहुत दुख और निराशा हुई थी, लेकिन बाद में उन्होंने इस अवसर का उपयोग और अधिक मेहनत से तैयारी करने में किया। इसके परिणामस्वरूप उनका प्रदर्शन बेहतर हुआ और उन्होंने अच्छे अंक प्राप्त किए।
Updated on:
23 Jul 2026 04:20 pm
Published on:
23 Jul 2026 04:03 pm
