12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘अडानी-अंबानी से मदद मांगें पीएम’, नरेंद्र मोदी की कम खर्च वाली अपील पर भड़के कांग्रेस नेता हनुमंत राव

Congress Slams PM Modi Spend Less Appeal: पीएम मोदी की कम खर्च करने की अपील पर कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने इसे चुनाव बाद का लेक्चर बताते हुए पीएम को अडानी-अंबानी से मदद मांगने की सलाह दी है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

May 12, 2026

PM Narendra Modi and Congress leader V Hanumantha Rao on the gold and fuel consumption controversy

V Hanumantha Rao on PM Modi (AI Image)

V Hanumantha Rao on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सोना कम खरीदने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम लोगों को कम खर्च करने की सलाह दे रही है जबकि उसे बड़े उद्योगपतियों से देश की मदद करने को कहना चाहिए।

हनुमंत राव ने प्रधानमंत्री मोदी की हालिया अपील पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद अब सरकार जनता को कम खर्च करने का नया संदेश दे रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी पहले विकास के बड़े-बड़े वादे करती है और अब लोगों से डीजल-पेट्रोल कम इस्तेमाल करने और सोना कम खरीदने की अपील कर रही है।

कांग्रेस नेता ने PM मोदी पर साधा निशाना

ANI से बातचीत में कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने कहा, ''अगर बीजेपी को वोट देंगे तो विकास होगा, ऐसा कहा गया था। अब लोगों से कहा जा रहा है कि डीजल और पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, सोना कम खरीदो। चुनाव जीतने के बाद अब यह नया नारा दिया जा रहा है कि लोग कम खर्च करें।''

उन्होंने आगे कहा, ''ये लेक्चर देना बंद कीजिए और अडानी-अंबानी और गुजरात के लोगों से कहिए कि वे भारत की मदद करें।''

हनुमंत राव का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री मोदी लगातार देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने और आयात पर निर्भरता कम करने की अपील कर रहे हैं।

BJP ने किया PM मोदी की अपील का समर्थन

वहीं दूसरी ओर तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने प्रधानमंत्री मोदी की सात अपीलों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए सोने की खरीद कम करने और फिलहाल अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने की अपील की है।

रामचंदर राव ने कहा कि दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं और कई जगहों पर फ्यूल राशनिंग तक की नौबत आ गई है, लेकिन भारत ने स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला है। उन्होंने कहा कि भारत को अपने विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।

उन्होंने लोगों से खाने के तेल की खपत कम करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की भी अपील की है। उनका कहना था कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा।

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने गैर-संकट के समय में भी लोगों से भोजन कम करने जैसी अपीलें की थी।

PM मोदी ने क्यों की थी अपील?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने और आयात पर निर्भरता कम करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि भारत रासायनिक उर्वरकों के आयात पर भारी विदेशी मुद्रा खर्च करता है इसलिए किसानों को इनके इस्तेमाल को कम करना चाहिए।

पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि पश्चिम एशिया में जारी संकट और वैश्विक अस्थिरता का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है इसलिए भारत को अपने संसाधनों और विदेशी मुद्रा भंडार को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।

इसके अलावा पीएम मोदी ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए लोगों से मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाने, कार पूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही थी।

उन्होंने यह भी कहा था कि जहां संभव हो, सामानों की ढुलाई के लिए रेलवे का अधिक इस्तेमाल किया जाए ताकि ईंधन की खपत कम हो और विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।