8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Chongtham Vikram Singh murder: मणिपुर संगीतकार विक्रम सिंह की हत्या पर बोले राहुल गांधी ‘क्या दिल्ली में पूर्वोत्तर के लोग सुरक्षित हैं?’

Chongtham Vikram Singh murder Case: दिल्ली के आश्रम इलाके में मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सात आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। राहुल गांधी ने घटना पर चिंता जताते हुए दिल्ली में रह रहे पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

kamlesh sharma

Sep 08, 2026

Chongtham Vikram And Rahul Gandhi

Chongtham Vikram And Rahul Gandhi (Photo-X/YKhemchandSingh/IANS)

Chongtham Vikram Singh murder Case: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आश्रम इलाके में रहने वाले विक्रम सिंह की रविवार रात कुछ युवकों ने कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। मामले में दिल्ली पुलिस ने मॉब लिंचिंग का मामला दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मणिपुर के जाने-माने संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह अपने घर के बाहर तेज आवाज में हो रहे शोर को कम करने के लिए कुछ लोगों से बात करने नीचे गए थे और इसी दौरान उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

राहुल गांधी बोले- पूर्वोत्तर के परिवार पूछ रहे, क्या हम सुरक्षित हैं?

राहुल गांधी ने कहा कि अपने ही घर के बाहर, देश की राजधानी में एक पिता की हत्या होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी कई घटनाओं के बाद दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के हर परिवार के मन में आज एक ही सवाल है क्या हम यहां सुरक्षित हैं?

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस से सवाल करते हुए कहा कि खासकर पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ बढ़ती कानून-व्यवस्था की घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने मामले की त्वरित जांच और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की। साथ ही उन्होंने विक्रम सिंह के परिवार के प्रति संवेदना जताई।

शोर की शिकायत करने पर पहले भी मिली थी धमकी

पुलिस के अनुसार, आरोपी आसपास के ढाबों से खाना पैक कराकर पहुंचाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 15 से 36 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने विक्रम के बेटे याइफाबा के हवाले से बताया कि रविवार रात करीब 11.30 बजे वह और उसकी मां घर पर थे। इसी दौरान उन्हें तेज आवाजें और सिंह के चीखने की आवाज सुनाई दी।

याइफाबा ने बताया कि दरवाजा खोलने पर उसने देखा कि चार-पांच लोग उसके पिता पर हमला कर रहे थे और उन्हें लात-घूंसों से पीट रहे थे। शोर मचाने और रोकने की कोशिश करने पर हमलावर वहां से भाग गए। अस्पताल ले जाते समय विक्रम सिंह ने कथित तौर पर बताया था कि ढाबे वालों ने उन पर हमला किया। बेटे के अनुसार, शोरगुल की शिकायत करने पर कुछ लोगों ने सिंह को पहले भी धमकी दी थी।

रॉक बैंड का हिस्सा रहे, संगीत शिक्षक भी थे विक्रम

इंफाल निवासी चोंगथम विक्रम सिंह रॉक बैंड का हिस्सा रहे थे और गिटारवादक एवं संगीतकार के तौर पर कई प्रस्तुतियां दे चुके थे। वह संगीत शिक्षक के रूप में भी काम कर चुके थे। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने संगीत संबंधी काम नहीं किया था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भी जताया रोष

घटना की मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और नॉर्थ ईस्ट मीडिया फोरम ने भी कड़ी निंदा की है। उन्होंने विक्रम सिंह की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

बड़ी खबरें

View All

राष्ट्रीय

ट्रेंडिंग