27 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Delhi Zurich Flight: 193 किमी प्रति घंटे की स्पीड पर पायलट्स को क्यों करना पड़ा टेकऑफ रद्द? जानें वजह

Delhi Zurich Flight: दिल्ली एयरपोर्ट पर SWISS की दिल्ली-ज्यूरिख फ्लाइट टेकऑफ के दौरान इंजन में खराबी और आग लगने के कारण रद्द करनी पड़ी। पायलट्स ने तुरंत विमान रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

2 min read
Google source verification
Delhi Zurich Flight

SWISS एयरलाइंस की दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट का टेकऑफ हुआ कैंसिल (सोर्स-IANS)

Delhi Zurich Flight: रविवार तड़के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यात्रियों के बीच उस समय हाहकार मच गई जब SWISS एयरलाइंस की दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट टेकऑफ की तैयारी में थी। फ्लाइट ने रनवे पर स्पीड भी पकड़ ली थी, लेकिन तभी फ्लाइट के टेकऑफ होने से तुरंत पहले रोक दिया गया। हालत इतने गंभीर हो गए थे कि तुरंत इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी।

क्यों किया गया टेकऑफ रद्द?

टेकऑफ के लिए विमान तेजी से रफ्तार पकड़ रहा था और करीब 193 किमी प्रति घंटा (104 नॉट्स) तक पहुंच चुका था। तभी अचानक इंजन नंबर 1 में खराबी आ गई और उसमें आग लग गई। यह टेकऑफ का सबसे जरूरी और जोखिम भरा समय होता है, जहां छोटी सी गड़बड़ी भी बड़ा खतरा बन सकती है। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट्स ने बिना समय बर्बाद किए तुरंत टेकऑफ रद्द करने का फैसला लिया और विमान को रनवे पर ही रोक दिया। विमान रुकने के बाद हालात को देखा गया और सुरक्षा के लिए तुरंत रनवे पर ही इमरजेंसी में यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस दौरान लोगों में थोड़ी घबराहट हुई, लेकिन क्रू मेंबर्स ने तेजी से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घायल यात्री और मेडिकल सहायता

इस घटना में चार यात्री और एक केबिन क्रू सदस्य घायल हो गए। सभी घायलों को गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, लेकिन एक यात्री की जांच अभी जारी है। केबिन क्रू सदस्य को टखने में चोट आई। जानकारी के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और MRI जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

DGCA और AAIB ने की जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) भी इस मामले की जांच कर रहा है और यूरोपीय अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है। घटना के दौरान एयरपोर्ट प्रशासन ने फुल इमरजेंसी घोषित की थी। विमान में सवार सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के बाद उसे वहां से हटाए जाने तक लगभग तीन घंटे तक रनवे बंद रहा।

एयरलाइन का बयान

SWISS एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा, "टेकऑफ के दौरान एक इंजन में समस्या आई, जिसके बाद सावधानी के तौर पर एवाकुएशन किया गया।" एयरलाइन ने यह भी कहा कि "हम इस घटना के कारणों को पूरी तरह समझने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" सभी यात्रियों को होटल में ठहराया गया और उनकी आगे की यात्रा के लिए फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई। एयरलाइन की टीम लगातार यात्रियों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता दी जा रही है।