28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत में ‘हीटवेव’ का कहर, IMD दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में जारी किया अलर्ट

IMD Alert: मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

Apr 28, 2026

Heat Wave Warning: अप्रैल में ही मई जैसी गर्मी! 42 डिग्री पार जाएगा पारा, छत्तीसगढ़ में हीट अलर्ट जारी...(photo-patrika)

Heat Wave Warning: अप्रैल में ही मई जैसी गर्मी! 42 डिग्री पार जाएगा पारा, छत्तीसगढ़ में हीट अलर्ट जारी...(photo-patrika)

IMD Heat Wave Alert: देश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। लेकिन इस बार चिंता सिर्फ दिन की तपिश नहीं, बल्कि रातों की बढ़ती गर्मी भी है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, कई इलाकों में गर्म रात यानी हॉट नाइट्स की स्थिति बन सकती है, जहां रात का तापमान भी 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। इसका मतलब है कि लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी ।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार गर्म रातें सेहत के लिए खतरनाक हो सकती हैं, क्योंकि इससे नींद प्रभावित होती है और शरीर की रिकवरी कम हो जाती है। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

मौसम ने ली करवट: दिन में कड़ी धूप और गर्म रातें

दिल्ली में इस साल अप्रैल की रातें सामान्य से ज्यादा गर्म महसूस हो रही हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने ज्यादातर दिनों में रात का तापमान हाल के सालों (2020–2025) के औसत और पुराने सामान्य स्तर (1991–2020) दोनों से ऊपर रहा है।

महीने के बीच से ही गर्मी का असर रातों में साफ दिखने लगा। कई दिनों तक न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा, 29 अप्रैल को यह बढ़कर करीब 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

खास बात यह है कि 15 अप्रैल के बाद गर्मी और तेज हो गई। 18 से 29 अप्रैल के बीच लगभग हर दिन रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा और बार-बार तय सीमा को पार करता दिखा। इसका मतलब है कि इस बार सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं दे रही हैं।

इन राज्यों में बढ़ी गर्मी…

यह समस्या सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में इसका असर देखा जा रहा है। देश के कम से कम 17 मौसम स्टेशनों पर रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा दर्ज किया गया है।

सबसे ज्यादा बढ़ोतरी मध्य प्रदेश के उमरिया में देखी गई, जहां तापमान सामान्य से लगभग 7.7 डिग्री ज्यादा रहा। राजस्थान के फलोदी में यह 7.6 डिग्री और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 6.1 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अमृतसर, हिसार और रोहतक में भी करीब 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई। वहीं चित्रकूट, सतना और सुंदरगढ़ जैसे इलाकों में भी रातें सामान्य से लगभग 5.9 डिग्री ज्यादा गर्म रहीं।

इन आंकड़ों से साफ है कि उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्सों में रात का तापमान असामान्य रूप से बढ़ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, गर्म रातें इसलिए चिंता की बात हैं क्योंकि शरीर को ठंडा होने का समय नहीं मिलता, जिससे थकान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों पर इसका ज्यादा असर पड़ता है। अगले कुछ महीनों में भी देश के कई हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।