11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IMD Heat Wave Alert: 12, 13, 14, 15, 16, और 17 मई को इन इलाकों में चलने वाली है लू? आईएमडी ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

Heatwave Alert: उत्तर-पश्चिम भारत में 11 और 12 मई को अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद 13 से 17 मई के दौरान 4-5 डिग्री सेल्सियस तक सकता है।

2 min read
Google source verification
Heatwave Alert

पत्रिका फाइल फोटो

IMD Heat Wave Alert: देश भर में गर्मी का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले एक सप्ताह के दौरान देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि की चेतावनी दी है। 11-12 मई को उत्तर-पश्चिम भारत में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के बाद 13 से 17 मई के बीच 4-5 डिग्री तक तापमान चढ़ने की संभावना है। मध्य भारत और महाराष्ट्र में भी 2-4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। लगातार बढ़ते तापमान की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

2-4 डिग्री की बढ़ोतरी संभावित

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी भारत में 12 मई तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 13 से 17 मई के दौरान 2-4 डिग्री की क्रमिक बढ़ोतरी संभावित है। गुजरात में 15 से 17 मई के बीच 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में 17 मई तक तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।

लू का अलर्ट

गर्मी और लू का प्रकोप कई राज्यों में बढ़ने वाला है। पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में 11 से 17 मई तक, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 से 15 मई तक, विदर्भ में 14-15 मई को, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 12-13 मई तथा सौराष्ट्र-कच्छ में 11 से 14 मई तक लू चलने की संभावना है। राजस्थान के कई इलाकों में रातें भी गर्म रहने वाली हैं। कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में 11 मई को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की बहुत अधिक संभावना है।

धूल भरी आंधी की चेतावनी

11 मई को पश्चिमी राजस्थान और 11-12 मई को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 11 मई को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाली आंधी आ सकती है। कई राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है।

बाड़मेर में पारा पहुंचा 46.8 डिग्री

11 मई तक न्यूनतम तापमान जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी राजस्थान में सामान्य से काफी अधिक (5.1°C या उससे ज्यादा) दर्ज किया गया। महाराष्ट्र, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, गुजरात और केरल समेत कई राज्यों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अधिकतम तापमान में पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई, जहां बाड़मेर में 46.8°C तापमान दर्ज किया गया। जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 4-5 दिनों तक भीषण हीटवेव और गर्म रात का अनुमान है।