
Kal Ka Mausam 6 April 2026
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत समेत 9 राज्यों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 6 से 8 अप्रैल के बीच कई इलाकों में मौसम बिगड़ने का अनुमान है। कई जगहों पर ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
राजधानी दिल्ली और NCR में 6 अप्रैल को मौसम कुछ हद तक साफ रह सकता है, जहां तापमान 32-33 डिग्री तक रहने का अनुमान है। लेकिन 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंशिक बादल छाने, गरज-चमक और बारिश का दौर लौट सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज तूफान की भी आशंका जताई गई है।
बिहार के पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, गया, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में 6 से 8 अप्रैल के बीच मौसम तेजी से बदलेगा।
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 7 और 8 अप्रैल को ओलावृष्टि, गरज-चमक और तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 10 अप्रैल तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, उधम सिंह नगर और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर में 6-7 अप्रैल को बादल छाए रहेंगे, जबकि 8-9 अप्रैल को हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूच बिहार में 8 अप्रैल तक गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और जलभराव हो सकता है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, सतना, कटनी, दमोह, पन्ना, छतरपुर, मुरैना, निवाड़ी और बैतूल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। वहीं पंजाब के चंडीगढ़, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और अमृतसर में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। कोयंबटूर, नीलगिरी, इरोड और थेनी के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जो उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो गया है। इसके असर से बादल छा रहे हैं, तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश का दौर शुरू हो गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली गिरने से बचाव के उपाय अपनाएं। किसानों को भी फसलों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।
Published on:
05 Apr 2026 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
