
शपथ ग्रहण समारोह से पहले केसी वेणुगोपाल की आई प्रतिक्रिया (Photo-IANS)
Kerala New CM: केरल में एक दशक बाद यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की सत्ता में वापसी हुई है। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार को कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने समारोह में शामिल होने आ रहे नेताओं और गणमान्य लोगों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने संक्षिप्त बातचीत में कहा कि सब कुछ ठीक है।
तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे वीडी सतीशन का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे।
इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने पुष्टि की कि नई सरकार में उन्हें गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी द्वारा घोषित पांच गारंटियों को सरकार लागू करेगी।
इन पांच गारंटियों में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, कॉलेज जाने वाली छात्राओं को हर महीने 1000 रुपये सहायता, 3000 रुपये सामाजिक पेंशन, हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस कवर और छोटे कारोबारियों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण शामिल है।
वीडी सतीशन अपने पूर्ण मंत्रिपरिषद के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। इसके साथ ही वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के 10 साल के शासन का अंत हो जाएगा और UDF फिर से सत्ता में लौटेगा।
20 सदस्यीय कैबिनेट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ के अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के पीके कुन्हालिकुट्टी, पीके बशीर, एन समसुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर शामिल हैं।
इसके अलावा मंत्रिमंडल में मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब, सीपी जॉन, एपी अनिल कुमार, टी सिद्दीकी, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, एम लिजू, केए थुलसी और ओजे जनीश को भी जगह मिली है।
सतीशन ने यह भी घोषणा की कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता थिरुवंचूर राधाकृष्णन विधानसभा अध्यक्ष होंगे, जबकि शानीमोल उस्मान उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी। विधायक अपू जॉन जोसेफ को सरकार का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है।
2026 केरल विधानसभा चुनाव में UDF ने 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की। कांग्रेस 63 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि IUML को 22 सीटें मिलीं। वहीं LDF को 35 सीटों पर संतोष करना पड़ा और बीजेपी तीन सीटें जीतने में सफल रही।
Updated on:
18 May 2026 10:01 am
Published on:
18 May 2026 09:45 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
