
हाथों में मोमबत्तियां लेकर सड़कों पर निकले लोग (फोटो वीडियो स्क्रीनशॉट। Enhanced by ChatGPT)
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब लोगों का गुस्सा भी खुलकर सामने आने लगा है। शहर के लोधा बेलमोंडो टाउनशिप में शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर 'जस्टिस फॉर केतन' की मांग करते हुए कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान केतन के परिवार ने भी पहली बार सार्वजनिक रूप से सिया गोयल से सवाल पूछा कि अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो शुरुआत में ही मना क्यों नहीं कर दिया।
कैंडल मार्च में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां और 'Justice for Ketan' लिखी तख्तियां लेकर केतन अग्रवाल के लिए न्याय की मांग की। पूरे टाउनशिप में न्याय दिलाने की आवाज गूंजती रही।
कैंडल मार्च के दौरान केतन के परिवार के एक सदस्य ने कहा कि जब सिया गोयल का पूरा परिवार शादी की बात करने आया था, तब केतन के बारे में कोई भी बात छिपाई नहीं गई थी।
उन्होंने कहा, "अगर सिया को कोई परेशानी थी या वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो उसी समय मना कर सकती थी। वह केतन के साथ घूमती रही, बाहर जाती रही, डिनर करती रही, लेकिन कभी कोई आपत्ति नहीं जताई। अगर उसे हमारा बेटा पसंद नहीं था तो पहले ही 'ना' कह देती। हमें सिर्फ अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए।"
पुणे पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान केतन अग्रवाल की मौत को पहले हादसा माना गया था। बाद में जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर कई महीनों तक साजिश रची और फिर केतन को खाई में धक्का दे दिया।
हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में होनी बाकी है।
जांच एजेंसियां कॉल रिकॉर्ड, डिलीट किए गए चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन लंबे समय से संपर्क में थे और दोनों के बीच हजारों फोन कॉल हुए थे। जांच के दौरान दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि उनके परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
केतन अग्रवाल हत्याकांड में लगातार सामने आ रहे नए खुलासों के बीच अब आम लोग भी न्याय की मांग के समर्थन में सामने आने लगे हैं। लोधा बेलमोंडो में निकला कैंडल मार्च इस बात का संकेत माना जा रहा है कि इस मामले को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Published on:
27 Jun 2026 10:05 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
