14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जिस मामा-मामी के भरोसे विशाल अग्रवाल शादी के लिए हुए थे राजी, उन्होंने पुलिस को बताया सिया और केतन का सच

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़ आया है। जिस मामा-मामी के भरोसे दोनों परिवार शादी के लिए राजी हुए थे, उन्होंने पुलिस के सामने सिया गोयल और केतन अग्रवाल को लेकर बयान दिया है। जानिए जांच में क्या-क्या सामने आया?
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Jun 27, 2026

Ketan Agarwal Murder Case, Siya Goyal, Siya Goyal Father, Chetan Chaudhary, Pune Murder Case, Ketan Agarwal, Pune Police,

केतन अग्रवाल और सिया गोयल।

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब उस रिश्तेदार का बयान सामने आया है जिनके भरोसे दोनों परिवार शादी के रिश्ते के लिए राजी हुए थे। पुलिस जांच में शामिल हुए सिया गोयल के मामा नरेंद्र मित्तल और मामी रेनू मित्तल ने कहा कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि उनकी भांजी अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या जैसे मामले में आरोपी बन जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, नरेंद्र और रेनू मित्तल ने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि वे बचपन से सिया को जानते हैं और उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कदम उठा सकती है।

विशाल अग्रवाल ने भी जताया था मामी पर भरोसा

केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने इससे पहले दावा किया था कि रेनू मित्तल ने ही सिया के बारे में भरोसा दिलाया था जिसके बाद उन्होंने अपने बेटे का रिश्ता आगे बढ़ाने पर सहमति दी थी। दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत जनवरी 2026 में शुरू हुई थी और फरवरी में सिया और केतन की सगाई हो गई थी। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी।

हालांकि, नरेंद्र मित्तल ने पुलिस को बताया कि उनकी भूमिका सिर्फ दोनों परिवारों का परिचय कराने और शादी की बातचीत शुरू कराने तक सीमित थी।

सिया ऐसा कर सकती है, कभी नहीं सोचा

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को दिए बयान में नरेंद्र मित्तल ने कहा, "हमने कभी नहीं सोचा था कि सिया ऐसा कुछ कर सकती है। सिया और केतन दोनों ही बेहद शालीन, विनम्र और अच्छे स्वभाव के थे। हम बचपन से सिया को जानते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि परिवार के किसी सदस्य को सिया और चेतन चौधरी के कथित रिश्ते की जानकारी नहीं थी।

परिवार का सामना करने से आसान लगा हत्या करना

जांच के दौरान पुलिस का दावा है कि सिया गोयल ने पूछताछ में कहा कि परिवार के सामने शादी से इनकार करने के बजाय उसे केतन की हत्या करना ज्यादा आसान लगा। पुलिस के मुताबिक, सिया नहीं चाहती थी कि शादी टूटने से परिवार की भावनाएं आहत हों।

पुलिस का यह भी दावा है कि सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश को अंजाम दिया। हालांकि, इस संबंध में अदालत में सुनवाई और जांच की प्रक्रिया अभी जारी है।

चेतन के बारे में परिवार को नहीं थी जानकारी

सूत्रों के मुताबिक, सिया के भाई साहिल गोयल ने पुलिस को बताया कि चेतन चौधरी से उसकी पहचान क्रिकेट के जरिए हुई थी। वहीं, सिया के माता-पिता पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें चेतन और सिया के रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी। दूसरी तरफ, विशाल अग्रवाल का दावा है कि न तो उन्हें और न ही उनके बेटे केतन को इस रिश्ते की भनक थी। हालांकि, केतन ने एक बार यह जरूर बताया था कि सिया का फोन कई-कई घंटे तक लगातार व्यस्त रहता था।

जांच जारी, कई पहलुओं पर की जा रही पड़ताल

पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में लगातार परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कथित साजिश की जानकारी किसी और व्यक्ति को थी या नहीं। फिलहाल मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं और जांच जारी है।