
पुणे केतन हत्याकांड मामले की जांच जारी है। (Photo-X @ag_Journalist)
Pune murder case: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर मामले को लेकर पूरे देश में चर्चा है। इस केस में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्य आरोपी सिया गोयल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उसके हाथ में बीयर की बोतल दिखाई दे रही है और वह फोन पर किसी से अपशब्द बोलती नजर आ रही है। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सिया की मां पूजा गोयल का वह दावा झूठा साबित हो गया है। महाराष्ट्र टाइम्स के मुताबिक, सिया की मां ने कहा था कि मेरी बेटी कभी पार्टियों में नहीं गई और उसने कभी शराब नहीं पी।
इसी बीच गुरुवार को पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली, जब सिया गोयल ने लाई डिटेक्टर (पॉलीग्राफ) टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति दे दी। साथ ही, पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए, जिन्हें उसने कथित तौर पर 18 जून की घटना वाले दिन पहना था।
सिया के माता-पिता का दावा है कि उन्हें चेतन चौधरी के साथ उसकी कथित रिश्तेदारी की कोई जानकारी नहीं थी। सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल ने कहा कि यदि उन्हें इस बारे में पहले से कुछ पता होता, तो वे निश्चित रूप से कार्रवाई करते। उनका कहना है कि सिया और चेतन केवल दोस्त थे, उनके बीच किसी तरह का प्रेम संबंध नहीं था।
केतन अग्रवाल हत्याकांड में रोजाना हो रहे नए दावों और खुलासों के बीच फिल्म निर्माता संजय गुप्ता की एक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने अपने 'X' हैंडल पर आरोपी सिया गोयल की तुलना अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के मीडिया ट्रायल से की।
संजय गुप्ता ने लिखा, 'मैं किसी का पक्ष नहीं ले रहा। बस इतना कह रहा हूं कि क्या हम सिया के साथ वही करना बंद कर सकते हैं, जो हमने रिया के साथ किया था? हम सबने वह तमाशा देखा था-टीवी पर ट्रायल, सबूतों से पहले ही फैसला। हम कभी सीखते नहीं।'
उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। कई यूजर्स ने दोनों मामलों की तुलना पर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने इस मुद्दे को लेकर उन्हें ट्रोल भी किया।
आपको बता दें कि लोहागढ़ किले से 18 जून को धक्का देकर केतन अग्रवाल की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस का मानना है कि केतन, सिया और चेतन के रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसकी हत्या की साजिश रची गई।
Updated on:
03 Jul 2026 09:00 am
Published on:
03 Jul 2026 08:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
