
केतन हत्याकांड (Photo: X/@venom1s/IANS)
Ketan Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन हत्याकांड में पुलिस लगातार चौंकाने वाले खुलासे कर रही है। इसी बीच पुलिस अब आरोपी चेतन चौधरी का गेट एनालिसिस कराएगी। पुलिस द्वारा गेट एनलाइसिस कराने का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि घटना वाले दिन लोहागढ़ किले के गेट के पास सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा व्यक्ति वास्तव में चेतन चौधरी है या नहीं।
गेट एनालिसिस एक फॉरेंसिक तकनीक है, जिसमें किसी व्यक्ति के चलने के तरीके की जांच की जाती है। पुलिस इसका इस्तेमाल सीसीटीवी या वीडियो फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्धों की पहचान की पुष्टि करने के लिए करती है।
वहीं पुलिस अब आरोपी चेतन चौधरी को लेकर लोहागढ़ किले पर दोबारा घटनास्थल पर लेकर जाएगी। इस दौरान दोबारा से रीक्रिएशन भी किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले सिया के साथ क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया गया था। जांच टीम अब चेतन की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम को फिर से समझने की कोशिश करेगी।
पुलिस को इस मामले में कई अहम सबूत हाथ लगे है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके अलावा घटना के दिन पहनी हुडी और हेडफोन को भी जब्त कर लिया है। वहीं अब उन कपड़ों को भी बरामद करने का प्रयास करेगी, जो घटना के दिन पहने थे।
सोमवार को पुलिस ने वडगांव मावल कोर्ट में आरोपी सिया और चेतन को पेश किया था। कोर्ट ने दोनों आरोपी को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। बचाव पक्ष के वकील विपुल दुशिंग के अनुसार, अभियोजन पक्ष ने सात दिन की पुलिस कस्टडी की मांग की थी, लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 3 जुलाई तक की रिमांड मंजूर की।
18 जून को पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले से गिरने के बाद केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान हत्या की आशंका सामने आई। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस दोनों से मामले में पूछताछ कर रही है।
महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने को मंजूरी दे दी है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम को इस केस का विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है।
Updated on:
30 Jun 2026 12:01 pm
Published on:
30 Jun 2026 12:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
