
केतन अग्रवाल हत्याकांड
Ketan Agrawal- Siya Goyal Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस सिया और उनसके प्रेमी से लगातार पूछताछ कर रही है। सिया से घरवालों को भी पुलिस स्टेशन बुलाकर पूछताछ की गई है। इसी कड़ी में अब नया खुलासा हुआ है। आज तक की रिपोर्ट के अनुसार आज तक की टीम ने उस कैब ड्राइवर से बात की जिसने केतन अग्रवाल, उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके भाई साहिल को पुणे से मुंबई एयरपोर्ट तक छोड़ा था।
कैब चालक वैभव जाधव ने बताया कि 'MH 04 MH 3772' नंबर की कैब सुबह करीब 10 बजे सिया गोयल और उसके भाई साहिल को पुणे से लेने पहुंची थी। हालांकि सिया शुरुआत में गाड़ी में बैठने के लिए तैयार नहीं थी, जिसको लेकर दोनों भाई-बहन के बीच कहासुनी हुई। बाद में साहिल ने सिया को जबरन गाड़ी में बैठाया। इसके बाद कैब पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) क्षेत्र के रावेत पहुंची, जहां से केतन अग्रवाल को साथ लिया गया और सभी मुंबई एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए।
ड्राइवर के मुताबिक, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक फूड मॉल के पास सिया ने चाय पीने के बहाने गाड़ी रुकवाई। करीब 10 मिनट बाद लौटकर उसने कार की डिक्की खुलवाई और अपने पर्स से कुछ निकालकर उसमें रखा। इसके लगभग 15-20 मिनट बाद सभी लोग एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने के कुछ देर बाद ड्राइवर को फोन आया कि एक छोटा बैग गाड़ी में छूट गया है। वैभव जाधव ने बैग वापस पहुंचा दिया।
इसके कुछ समय बाद फिर कॉल आया कि केतन अग्रवाल का पासपोर्ट कैब में रह गया है। ड्राइवर ने बताया कि वह पहले ही पूरी गाड़ी की तलाशी ले चुका था, लेकिन पासपोर्ट नहीं मिला। इसके बावजूद उससे वीडियो कॉल पर पूरी गाड़ी दिखाने को कहा गया। बाद में साहिल और केतन ने भी खुद कैब की तलाशी ली, लेकिन पासपोर्ट का कोई पता नहीं चला।
केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनके 26 वर्षीय बेटे की हत्या ऐसे समय में कर दी गई, जब उसने किसी का कोई नुकसान नहीं किया था। उन्होंने कहा कि अब तक यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर उसके साथ ऐसा क्यों किया गया। भावुक होते हुए उन्होंने बताया कि परिवार घर में शादी की तैयारियों में व्यस्त था और जिस घर में नई बहू के स्वागत की उम्मीद थी, वहीं बेटे की अर्थी उठानी पड़ी।
Updated on:
29 Jun 2026 12:33 am
Published on:
29 Jun 2026 12:17 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
