
देशभर में बारिश का कहर जारी। (इमेज सोर्स: पीटीआई और imd)
Weather Update: देश के कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार मिल रही नमी तथा सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के कारण पश्चिम, मध्य और उत्तर भारत में तेज बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग ने गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
गुजरात में पिछले सप्ताह आई बाढ़ के बाद अब एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो जाने से कई जिलों में जलभराव की परेशानी बढ़ गई है। भरूच जिले की नेत्रंग तहसील में सबसे ज्यादा 10.55 इंच बारिश दर्ज की गई। अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत समेत कई जिलों के लिए दो दिन का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। राहत एवं बचाव दलों को पहले से तैनात कर दिया गया है।
उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण हरिद्वार में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और नदी चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गई है। यूपी में गंगा,घाघरा-सरयू समेत 10 नदियां भी उफान पर चल रही हैं। निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
मध्यप्रदेश में लगातार बारिश से कई बांध और जलाशय लबालब हो गए हैं। जलभराव बढ़ने पर कई बांधों के गेट खोलकर नियंत्रित रूप से पानी छोड़ा गया। खंडवा जिले में नदी के बीच बने एक टापू पर फंसे चार युवकों को बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छत्तीसगढ़ में भी कई जिलों में नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि एक स्थान पर पुल बह जाने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ।
आइएमडी ने भारी बारिश को लेकर शनिवार के लिए गुजरात में रेड अलर्ट, पूर्वी राजस्थान, महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, केरल, कर्नाटक, पुदुचेरी के माहे में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आइएमडी ने शुक्रवार को अगले दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। जिसके अनुसार 1 से 13 अगस्त तक देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रहेगा। मध्य भारत, पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों में सामान्य व सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य भारत तथा पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। उत्तर-पश्चिम और पूर्व-मध्य भारत के मैदानी क्षेत्रों में दूसरे सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस ऊपर रह सकता है।
Updated on:
31 Jul 2026 08:20 pm
Published on:
31 Jul 2026 08:20 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
