
Monsoon update: देशभर में झुलसाने वाली गर्मी के बीच गुरुवार को खुशखबर मिली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है। इस बार मानसून समय से दो दिन पहले आया है। इसके केरल पहुंचने की सामान्य तारीख एक जून है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मानसून के 31 मई को पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया था। यह इससे एक दिन पहले पहुंच गया। इसके तीन-चार दिन में तमिलनाडु और कर्नाटक में सक्रिय होने की उम्मीद है।
आईएमडी के महानिदेशक एम. महापात्रा ने बताया कि यह आठ जून तक मुंबई पहुंच सकता है। रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से गुजरे चक्रवात रेमल ने मानसून के प्रवाह को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया। यह पूर्वोत्तर में मानसून जल्दी आने का एक कारण हो सकता है। आमतौर पर पूर्वोत्तर में मानसून 5 जून तक दस्तक देता है।
आईएमडी केरल में मानसून के आगमन की घोषणा तब करता है, जब 10 मई के बाद किसी भी समय केरल के 14 केंद्रों और पड़ोसी क्षेत्रों में लगातार दो दिन तक 2.5 मिमी या उससे अधिक बारिश होती है, आउटगोइंग लॉन्गवेव रेडिएशन (ओएलआर) कम होता है और हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी की ओर होती है।
बारिश को लेकर आइएमडी ने केरल के सात जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। केरल के कई इलाकों में मानसूनी बारिश जारी है। राजधानी तिरुवनंतपुरम समेत प्रमुख शहरों में पानी भर गया है।
आइएमडी ने इस बार सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जताया है। उसके मुताबिक 106 फीसदी (87 सेंटीमीटर) बारिश हो सकती है। चार महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (एलपीए) 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर होता है। आइएमडी के मुताबिक इस बार देश में अल नीनो प्रणाली कमजोर हो रही है और ला नीना सक्रिय हो रहा है, जो अच्छे मानसून के लिए अनुकूल है।
राजस्थान 25 जून से 5 जुलाई
मध्यप्रदेश 15 जून से 25 जून
उत्तर प्रदेश 20 जून से 25 जून
झारखंड 13 से 17 जून
बिहार 13 से 18 जून
दिल्ली 27 जून
भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में 31 मई और एक जून को मौसम बदल सकता है। लू से राहत मिल सकती है। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। इससे गर्मी से राहत के आसार हैं। हालांकि यह अस्थायी होगी। इसके बाद सामान्य से अधिक तापमान रहने और लू चलने की आशंका है।
Updated on:
31 May 2024, 8:41 AM IST
Published on:
31 May 2024, 8:41 AM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.