
Monsoon in Kerala
Monsoon 2025: देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले केरल में दस्तक दे सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून के अगले चार-पांच दिन में यानी 24-25 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है। यह 1 जून की सामान्य तिथि से काफी पहले है। मौसम विभाग ने पहले पूर्वानुमान लगाया था कि मानसून 27 मई तक पहुंचेगा। अगर मानसून उम्मीद के मुताबिक केरल पहुंचता है तो यह 2009 के बाद सबसे जल्दी दस्तक देगा। तब मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था।
आईएमडी ने मंगलवार को बताया कि केरल में मानसून के दस्तक देने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। ऐसे में इसके तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। आईएमडी ने अप्रेल में मानसून सीजन में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान लगाया था। इसमें अल नीनो की संभावना को खारिज कर दिया था। अल नीनो भारतीय उपमहाद्वीप में सामान्य से कम वर्षा के लिए जिम्मेदार होता है।
2024 : 30 मई
2023 : 8 जून
2022 : 29 मई
2021 : 3 जून
2020 : 1 जून
2019 : 8 जून
2018 : 29 मई
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि 24 मई तक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी।
बेंगलूरु। एक तरफ उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है, तो दूसरी तरफ दक्षिणी राज्यों में बारिश कहर जारी है। कर्नाटक के कई इलाकों में बारिश जारी है। राजधानी बेंगलूरु में 36 घंटे से जारी भारी बारिश के कारण सड़कें पानी में डूबी रहीं, जिससे कई जगह ट्रैफिक जाम हो गया। शहर में 500 से अधिक घरों में पानी भर गया। राज्य में बारिश से होने वाले हादसों में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
साई लेआउट इलाके में पानी भरने से द्वीप जैसी स्थिति बन गई। घरों की निचली मंजिलें आधी डूब गई हैं। कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तमिलनाडु में भी 24 घंटों में भारी बारिश हुई है। राज्य में भारी बारिश के बीच दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं केरल में भी मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बताया है कि 26 मई तक राज्य के अलग अलग जिलों में लगातार बारिश होने की संभावना है।
Updated on:
21 May 2025, 3:14 PM IST
Published on:
21 May 2025, 7:33 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.