
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेगी तमिलनाडु सरकार | फोटो सोर्स-X (@svigneshchn)
Tamilnadu CM:NEET पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए एक बहुत बड़ी खबर है। तमिलनाडु सरकार ने फैसला किया है कि NEET परीक्षा के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर जितने भी पुलिस केस दर्ज हुए थे, उन सभी को वापस ले लिया जाएगा। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के कहने पर छात्रों के हित में यह बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार जल्द ही इसको लेकर पूरी जानकारी सामने रखेगी।
स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने बताया कि यह फैसला तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के सीधे निर्देशों के बाद लिया गया है। सरकार के इस फैसले से उन सैकड़ों छात्रों और युवाओं को राहत मिलेगी, जिन पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के तहत मामले दर्ज किए गए थे। मंत्री ने यह भी साफ किया है कि इस फैसले से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइंस और जानकारी सरकार जल्द ही आधिकारिक रूप से साझा करेगी।
पिछले कुछ दिनों से पूरे देश में NEET परीक्षा को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हजारों छात्रों ने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा भी देना पड़ा था। इसी दौरान तमिलनाडु में भी जगह-जगह जोरदार प्रदर्शन हुए थे। चेन्नई में कम्युनिस्ट पार्टी के दफ्तर 'बालन इल्लम' के बाहर छात्रों ने लगातार धरना दिया। कई जगहों पर अचानक सड़कें जाम कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पकड़ लिया था और उन पर केस दर्ज कर दिए थे। जिन्हें अब पूरी तरह खत्म किया जा रहा है।
तमिलनाडु ऐसा पहला राज्य नहीं है जिसने युवाओं के हित में यह कदम उठाया है। इससे पहले भी देश के कुछ अन्य राज्य NEET विरोधी प्रदर्शनों में शामिल लोगों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने का ऐलान कर चुके हैं। तमिलनाडु सरकार का यह फैसला भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे छात्रों का भविष्य अदालती चक्करों में फंसने से बच सकें।
Updated on:
02 Aug 2026 02:57 pm
Published on:
02 Aug 2026 12:57 pm
