
फोटो में लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि (इमेज सोर्स: रक्षा मंत्रालय एक्स अकाउंट)
NS Raja Subramani CDS Appointment: नेशनल डिफेंस एकेडमी से करियर की शुरुआत कर चार दशकों तक देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि देश के अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ होंगे। वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत सुब्रमणि को आधुनिक सैन्य रणनीति का माहिर माना जाता है:
14 दिसंबर 1985 को गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में कमीशन प्राप्त करने वाले सुब्रमणि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सैन्य अकादमी से ग्रैजुएट हैं। उन्होंने लंदन के किंग्स कॉलेज से मास्टर डिग्री और मद्रास विश्वविद्यालय से एमफिल की उपाधि प्राप्त की है। वह कजाकिस्तान में भारत के डिफेंस अताशे भी रह चुके हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि भारतीय सेना के 47वें उप-प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने सेंट्रल कमांड के कमांडर-इन-चीफ के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। उनके पास चीन सीमा पर तैनात 17 माउंटेन डिवीजन और पाकिस्तान सीमा पर सेना के सबसे शक्तिशाली स्ट्राइक कोर का नेतृत्व करने का अनुभव है। कश्मीर के सांबा और असम के चुनौतीपूर्ण इलाकों में उनके नेतृत्व ने उनकी रणनीतिक पकड़ को साबित किया है।
लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि ने माउंटेन ब्रिगेड में ब्रिगेड मेजर से लेकर सैन्य खुफिया महानिदेशालय में उप महानिदेशक तक अहम पदों पर कार्य किया। वह डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में चीफ इंस्ट्रक्टर (आर्मी) भी रहे। उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों में तालमेल बढ़ाने वाला अधिकारी माना जाता है। उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक जैसे सम्मान मिल चुके हैं।
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन भारतीय नौसेना के अगले प्रमुख होंगे। वर्तमान में वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख स्वामीनाथन 1987 में नौसेना में शामिल हुए थे। वह संचार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के बड़े विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने जेएनयू से बीएससी की उपाधि, कोच्चि से टेलिकम्युनिकेशन में एमएससी, लंदन के किंग्स कॉलेज से डिफेंस स्टडीज में एमए किया है।
Updated on:
10 May 2026 05:27 am
Published on:
10 May 2026 05:27 am
