11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिहारः पोस्टमॉर्टम के बाद जवान बेटे की लाश के लिए भीख मांगने को मजबूर हुए माता-पिता

इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना बिहार के समस्तीपुर जिले से सामने आई है। जहां पोस्टमॉर्टम के बाद बेटे की लाश लेने के लिए अस्पताल प्रबंधन की अनैतिक मांग के कारण एक लाचार मां-बाप को भीख मांगना पड़ा। अब घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।  

2 min read
Google source verification
bihar_news.jpg

Parents Beg to Collect Money to Get Mortal of their Son in bihar

जवान बेटे की मौत किसी भी बाप के लिए सबसे बड़ा दुख होता है। लेकिन बेटे की मौत के बाद यदि यह कहा जाए कि लाश के लिए आपको हजारों रुपए देने पड़ेंगे तो गरीब परिवार के लिए जीते-जी मर जाने जैसी स्थिति हो जाती है। बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें लाचार मां-बाप को अपने बेटे की लाश के लिए भीख मांगनी पड़ी।

घटना मंगलवार की है। लेकिन इसका वीडियो अब वायरल हुआ। वीडियो में एक लाचार पिता अपने गमछे को फैलाए लोगों से भीख मांगता दिख रहा है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि कुछ लोग पिता के गमछे में कुछ पैसा डाल रहे हैं। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद सिविल सर्जन की दखल पर अस्पताल प्रबंधन ने पीड़ित पिता को शव दे दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद लाश देने के लिए मांगे रुपए-
घटना से संबंध में मिली जानाकारी के अनुसार मंगलवार को समस्तीपुर सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद बेटे का शव देने के लिए गरीब मां-बाप से 50 हजार रुपए मांगे गए थे। लाचार पिता के पास इतने पैसे नहीं थे, पैसे की जुगाड़ के लिए वे अपने गांव लौटे और फिर गांव में आंचल फैलाकर भीख मांगते दिखे। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया। जो अब वायरल हो गया।

यह भी पढ़ेंः बिहार में दिल्ली जैसी दरिंदगी, AC बस में नाबालिग से गैंगरेप, हालत गंभीर

समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र के आहार का मामला-
वीडियो में दिख रहे लाचार पिता समस्तीपुर के ताजपुर थाना के आहार गांव निवासी महेश ठाकुर है। महेस का 25 वर्षीय पुत्र संजीव ठाकुर बीते 25 मई से लापता था। परिजनों ने बेटे की खूब तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। 7 जून को जानकारी मिली कि मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। इस बात की जानकारी मिलते ही महेश ठाकुर दौड़े-भागे थाना पहुंचे। जहां जानकारी मिली कि लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

लाश दिखाने से भी की आनाकानी, फिर मांगे पैसे-
लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी मिलते ही महेश ठाकुर और उनकी पत्नी सदर असप्ताल पहुंची। जहां पहले तो पोस्टमॉर्टम करने वाले ने शव दिखाने में आनाकानी की। बाद में गुहार लगाने के बाद शव दिखाया। इसके बाद जब पिता ने शव की मांग की तब कर्मचारी ने 50 हजार रुपए मांगे। पैसे नहीं देने पर शव देने से साफ इनकार कर दिया। थक हार कर महेश ठाकुर और उनकी पत्नी गांव पहुंची और मामले की जानकारी देते हुए गांव के लोगों से भीख मांगना शुरू किया।

यह भी पढ़ेंः बिहार में खाप पंचायतः सिर पर जूता-चप्पल रखवाकर घुमाया, पांच युवकों को गांव ने निकाला

सीएस बोले- जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
इसी दौरान किसी ने उनका भीख मांगने का वीडियो बना लिया। जो अस्पताल प्रबंधन तक पहुंचा तो पैसे मांगने वाला कर्मी रफूचक्कर हो गया। सीएस सहित अन्य अधिकारियों की दखलअंदाजी के बाद आनन-फानन में शव पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद बुधवार को अंतिम संस्कार हुआ। मामले पर सिविल सर्जन डॉ. एस.के चौधरी का कहना है कि मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है। यह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। इस पर जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।