
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Photo-IANS)
Piyush Goyal Attacks Rahul Gandhi: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा अमित शाह पर लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को भी सही बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को सही तरीके से संभाला गया और इसमे कोई गलत काम नहीं हुआ।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता। पूरी स्थिति को सही तरीके से संभाला गया। कोई गलत काम नहीं हुआ।
बता दें कि पीयूष गोयल का यह बयान राहुल गांधी के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों से मुलाकात के बाद केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध की आवाज दबाने का आरोप लगाया था।
प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस की ज्यादती और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उन्होंने एक नाबालिग छात्रा से कथित तौर पर माफी मंगवाने के मामले पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस सासंद राहुल गांधी ने कहा कि पहले दबाव बनाना, फिर 15 वर्षीय लड़की के घर कथित तौर पर लोगों को भेजकर जबरन माफी मांगने के लिए कहना और बाद में उस माफी को स्वीकार करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करता।
उन्होंने कहा कि देश को ऐसी शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है जो प्रभावी ढंग से काम करे और परीक्षा में होने वाली कथित गड़बड़ियों तथा पेपर लीक पर रोक लगे। राहुल गांधी के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे युवा देश के भविष्य और अपनी शिक्षा व्यवस्था को लेकर आवाज उठा रहे थे।
राहुल गांधी ने सरकार की ओर से प्रदर्शन को संभालने के तरीके की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट और धमकी जैसी घटनाएं हुईं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। उनके अनुसार, प्रदर्शनकारी किसी तरह की हिंसा या आक्रामक गतिविधि नहीं कर रहे थे, बल्कि वे परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसी समस्याओं को रोकने की मांग कर रहे थे।
राहुल गांधी ने पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधे आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान एक युवती पर कथित तौर पर पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया और इसके लिए गृह मंत्री को जिम्मेदार ठहराया।
राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह और प्रधानमंत्री को प्रदर्शनकारियों के सामने आकर इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि गृह मंत्री को पुलिस कार्रवाई की जानकारी नहीं थी तो यह उनकी अक्षमता है और यदि उन्होंने कार्रवाई का आदेश दिया था तो वे इसके लिए जिम्मेदार हैं।
हालांकि, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पूरे मामले में प्रशासन ने उचित तरीके से कार्रवाई की और कोई गलत काम नहीं हुआ।
Updated on:
06 Aug 2026 04:22 pm
Published on:
06 Aug 2026 04:22 pm
