
पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-IANS)
India Israel Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल विशेष रणनीतिक साझेदारी (Special Strategic Partnership) की प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर जोर देने की बात दोहराई। बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के ताजा घटनाक्रम पर भी दोनों नेताओं ने बातचीत की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया था। दोनों नेताओं ने भारत और इजरायल के बीच लगातार मजबूत हो रहे संबंधों की समीक्षा की और आपसी हितों के लिए सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
दोनों नेताओं ने रक्षा, कृषि, जल संरक्षण, इनोवेशन, साइबर सुरक्षा, विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की बात दोहराई। साथ ही व्यापार और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
फोन पर हुई बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में तेजी से बदल रहे हालात पर अपने विचार शेयर किए। हालांकि, बातचीत के इस हिस्से से जुड़ी डिटेल जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।
भारत और इजरायल के रिश्तों को 2017 में नई दिशा मिली थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल का ऐतिहासिक दौरा किया था। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इजरायल की पहली यात्रा थी। इसी दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। इसके बाद से रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, इनोवेशन, साइबर सुरक्षा, विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी, व्यापार और जन-संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ा है। इन सबके अलावा कई अन्य मुद्दों पर भी बातचीत हुई।
आज हुई बातचीत को नई दिल्ली और तेल अवीव के बीच उच्चस्तरीय वार्ता की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है। इससे दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने और पश्चिम एशिया के अहम मुद्दों पर संपर्क बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता भी सामने आई है।
Updated on:
06 Aug 2026 08:12 pm
Published on:
06 Aug 2026 08:12 pm
