
राजद नेता तेजस्वी यादव (फोटो- tejashwi yadav X)
Bankipur Assembly Election: बांकीपुर विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राजद के अंदर खींचतान शुरू हो गई है। भाई वीरेंद्र ने तेजस्वी के करीबियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उधर, राष्ट्रीय जनता दल ने प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य की सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी कार्यालय आदेश में यह जानकारी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश के सभी स्तरों पर संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
यह आदेश RJD बिहार के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की तरफ से जारी हुआ है। हालांकि इसके पीछे की कहानी यह है कि यह फैसला अकेले नहीं लिया गया, बल्कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव से सलाह-मशविरा करने के बाद ही इस पर मुहर लगी है। यानी पार्टी की टॉप लीडरशिप की सहमति से ही यह बड़ा कदम उठाया गया है।
आदेश में साफ लिखा गया है कि पार्टी के पहले जारी सभी आदेश अब रद्द माने जाएंगे। इसका मतलब यह हुआ कि सिर्फ प्रदेश स्तर की कमेटी ही नहीं, बल्कि जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक बनी सभी संगठनात्मक इकाइयां भी अब खत्म हो गई हैं। पार्टी के अलग-अलग प्रकोष्ठों और उनसे जुड़ी इकाइयों को भी इस फैसले के दायरे में रखा गया है।
पार्टी ने यह भी साफ कर दिया है कि यह भंग होना अंतिम नहीं है, बल्कि एक नई शुरुआत की तैयारी है। कार्यालय आदेश में बताया गया है कि सभी स्तरों की स्थानापन्न समितियों को फिर से बनाने का काम बहुत जल्द शुरू कर दिया जाएगा। सियासी गलियारों में इसे आने वाले दिनों की राजनीतिक हलचल और संगठन को मजबूत करने की एक बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
इस फैसले का सबसे बड़ा असर यह होगा कि जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर नए चेहरों और पदाधिकारियों को जगह मिलने का रास्ता खुल जाएगा। पार्टी इसे संगठन को जमीनी स्तर से मजबूत करने और नई ऊर्जा के साथ खड़ा करने के मौके के तौर पर देख रही है। पुराने ढांचे को पूरी तरह हटाकर नए सिरे से टीम बनाने की यह कोशिश RJD की आगे की सियासी तैयारियों से भी जोड़ी जा रही है।
फैसले के बाद अब पार्टी के कार्यकर्ता और नेता इस इंतजार में हैं कि नई समितियां कब बनेंगी और किसे कहां जिम्मेदारी मिलेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर तक नई नियुक्तियों की घोषणा होगी, जिससे संगठन एक नए और सक्रिय रूप में सामने आएगा।
Updated on:
06 Aug 2026 08:19 pm
Published on:
06 Aug 2026 08:19 pm
