
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo - IANS)
PM Modi to visit Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दाहोद में 24,000 करोड़ रुपए की रेलवे और अन्य सरकारी परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। गुजरात के दाहोद में पीएम मोदी ने कहा, आज हम 140 करोड़ भारतीय मिलकर अपने देश को विकसित बनाने में जुटे हैं। देश की तरक्की के लिए जो कुछ भी चाहिए, वो हम भारत में ही बनाएं, ये आज के समय की मांग है। भारत आज तेज गति से मैन्युफैक्चरिंग की दुनिया में आगे बढ़ रहा है। देश की जरूरत के सामान का निर्माण हो या फिर दुनिया के अलग-अलग देशों में हमारे देश की बनी हुई चीजों का एक्सपोर्ट लगातार बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिन के गुजरात दौर है। पहले दिन पीएम ने आज वडोदरा में एक रोड शो भी किया। इस रोड शो की खास बात यह रही कि इसमें लोगों के बीच ऑपरेशन सिंदूर में शामिल रहीं कर्नल सोफिया कुरैशी का परिवार भी था। पीएम के इस दौर से गदगद सोफिया के परिवारवालों ने मोदी पर रोड शो के दौरान पुष्पवर्षा भी की। इस रोड शो में सोफिया के परिवारवालों की तरफ से खास तौर पर उनके पिता, मां, बहन और भाई शामिल हुए।
पीएम मोदी ने कहा कि आज 26 मई का दिन है। साल 2014 में आज के ही दिन पहली बार मैंने प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। गुजरात के आप सभी लोगों ने मुझे भरपूर आशीर्वाद दिया और बाद में देश के कोटि-कोटि जनों ने भी मुझे आशीर्वाद देने में कोई कमी नहीं रखी। आपके आशीर्वाद की शक्ति से मैं दिन-रात देशवासियों की सेवा में जुटा रहा। इन वर्षों में देश ने वो फैसले लिए जो अकल्पनीय और अभूतपूर्व हैं। इन वर्षों में देश ने दशकों पुरानी बेड़ियों को तोड़ा है। देश हर सेक्टर में आगे बढ़ा है। आज देश निराशा के अंधकार से निकलकर विश्वास के उजाले में तिरंगा फहरा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वलसाड-दाहोद ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही दाहोद स्थित लोको मैन्युफैक्चरिंग शॉप राष्ट्र को समर्पित की। इसे 'मेक इन इंडिया' पहल के तहत 21,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित किया गया है।
वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे विभाग के विकास कार्यों और चल रहे प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे विभाग को विपक्ष शासित राज्यों में भी विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए हैं। रेलवे के नए प्रोडक्शन यूनिट और स्लीपर वंदे भारत ट्रेन पर भी काम चल रहा है। जल्द ही रेलवे के क्षेत्र में प्रगति देखने को मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि दाहोद से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में वलसाड, वापी और आसपास के क्षेत्रों में बस चुके हैं। अब तक इन लोगों को अपने गृह नगर जाने के लिए बस या अन्य निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था, जिनमें अक्सर जगह नहीं मिलती थी और आरक्षण भी संभव नहीं हो पाता था। हालांकि, अब वलसाड-दाहोद ट्रेन की शुरुआत से रोजगार के सिलसिले में यात्रा करने वाले हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही वलसाड और दाहोद के बीच के रेलवे स्टेशनों पर आवागमन करने वाले अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
पहली ट्रेन की बात करे तो साबरमती-वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस, साबरमती स्टेशन को प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के पास वेरावल को जोड़ेगी। गुरुवार को छोड़कर यह गाड़ी सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसमें आठ डिब्बे होंगे और इससे गुजरात के सबसे प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक सोमनाथ की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है।
दूसरी ट्रेन वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस है, जो वलसाड और दाहोद के बीच रोजाना चलेगी। इसमें 17 कोच होंगे और यह 346 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह वलसाड से सुबह 5:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन संख्या 19011 वलसाड से दाहोद तक चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 19012 दाहोद से वलसाड के बीच चलेगी। वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस मार्ग पर 12 स्टेशनों पर रुकेगी: बिलिमोरा जंक्शन, नवसारी, सूरत, अंकलेश्वर जंक्शन, भरूच जंक्शन, मियागाम कर्जन, वडोदरा जंक्शन, समलाया जंक्शन, डेरोल, गोधरा जंक्शन, पिपलोद जंक्शन और लिमखेड़ा। यह सप्ताह के सभी दिनों में चलेगी।
Updated on:
26 May 2025, 1:58 PM IST
Published on:
26 May 2025, 10:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.