29 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Punjab: कपूरथला में दोस्तों संग निकला 25 साल का युवक घर नहीं लौटा, 14 दिन बाद खेत में मिला शव; सामने आई पूरी कहानी

Kapurthala News: पंजाब के कपूरथला में दोस्तों के साथ निकला 25 वर्षीय अमनदीप 14 दिन बाद खेत में मृत मिला। पुलिस ने दोस्तों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की।
2 min read
Google source verification
Kapurthala youth body found in field

सुल्तानपुर लोधी के डीएसपी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद 25 वर्षीय अमनदीप की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- freepik)

Punjab Crime: पंजाब के कपूरथला जिले में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। देसाल गांव का रहने वाला अमनदीप सिंह 14 अगस्त को कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश की और पुलिस को भी सूचना दी, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई पता नहीं चला। अब करीब 14 दिन बाद उसका शव एक खेत से बरामद किया गया है। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान अमनदीप के कुछ दोस्तों पर शक गया। पुलिस ने वरिंदर और पलविंदर उर्फ अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अमनदीप को ड्रग देने की बात कबूल की।

हालत बिगड़ने पर खेत में छोड़ने का आरोप

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 14 अगस्त की रात अमनदीप ने उनके साथ ड्रग्स का सेवन किया था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद उसे मदद देने के बजाय आरोपी उसे खेतों में छोड़कर चले गए। पुलिस का कहना है कि अगले दिन अमनदीप की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसका शव खेत में दफना दिया और घटना को छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गुरुवार को करीब 14 दिन बाद शव को कब्र से बाहर निकाला।

तीसरे व्यक्ति का नाम भी सामने आया

फत्तूढींगा थाने में वरिंदर और पलविंदर उर्फ अजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 238 और 140(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक तीसरे व्यक्ति को भी मामले में आरोपी बनाया है। पुलिस के मुताबिक, अमनदीप के मोबाइल फोन की जांच में सामने आया कि उसने आखिरी बार अपने कुछ दोस्तों से संपर्क किया था। इससे पुलिस को जांच आगे बढ़ाने में मदद मिली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

सुल्तानपुर लोधी के डीएसपी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि अमनदीप 14 अगस्त को घर से लापता हुआ था। परिवार की शिकायत के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने अमनदीप को ड्रग्स देने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अमनदीप की मौत वास्तव में ड्रग ओवरडोज से हुई थी या किसी अन्य वजह से इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। शव को कपूरथला के सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।