23 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Qatar Blast: ड्यूटी पर जाने से एक घंटे पहले मां से की थी बात, फिर हो गया लापता! कतर हादसे ने बढ़ाई परिवार की चिंता

Qatar Ras Laffan Industrial Accident: कतर के रास लाफान स्थित एक फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 12 भारतीय शामिल हैं। हादसे के बाद तमिलनाडु का 23 वर्षीय युवक एम साजिथ कुमार लापता है। परिवार को अब तक उसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है और वे प्रशासन से जल्द जानकारी देने की अपील कर रहे हैं।

2 min read
Google source verification
Qatar factory blast

कतर में फैक्ट्री विस्फोट में 12 भारतीय लोगों की हुई मौत (Photo-IANS)

Qatar Factory Blast: कतर के रास लाफान में स्थित एक फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 12 लोग भारतीय है। इस हादसे में 66 लोग घायल हुए हैं। इस फैक्ट्री में तमिलनाडु के 23 वर्षीूय एम साजिथ कुमार भी काम करता था। लेकिन हादसे के बाद से उसके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार के मुताबिक, जिस समय हादसा हुआ था उस समय युवक भी वहीं काम कर रहा था। फिलहाल परिजन युवक के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।

परिवार ने क्या कहा? 

युवक के चाचा ने बताया कि साजिथ कुमार पिछले 15 महीनों से कतर की 'ट्रैक्स कंपनी' में काम कर रहे थे और विस्फोट के समय उनकी रात की ड्यूटी थी। रिपोर्टों के अनुसार इस हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है, लेकिन परिवार को अब तक न तो कंपनी और न ही अधिकारियों की ओर से उनकी स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि मिली है।

एक घंटे पहले मां से हुई थी बातचीत

चाचा ने कहा कि ड्यूटी पर जाने से करीब एक घंटे पहले युवक ने अपनी मां से बात की थी। इसके बाद से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है और उनका फोन भी बंद या पहुंच से बाहर है।

वहीं परिवार ने अधिकारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द साजिथ कुमार के बारे में आधिकारिक और स्पष्ट जानकारी प्रदान करें।

कतर ने क्या कहा? 

फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद कतर की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई थी। कतर एनर्जी ने कहा कि शुरुआती जांच में यह एक ऑपरेशनल एक्सीडेंट लग रहा है। इस घटना के पीछे किसी प्रकार की साजिश नहीं है। वहीं कतर के गृह मंत्रालय ने भी कहा कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण संयंत्र में काम के दौरान आई तकनीकी खराबी सामने आया है।

घायलों में कई देशों के नागरिक शामिल

कतर एनर्जी के अनुसार, मृतकों में भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा घायलों में कतर, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, केन्या, घाना, तंजानिया, नाइजीरिया और नेपाल के नागरिक शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि फिलहाल घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। 

विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख

कतर विस्फोट में भारतीयों की मौत पर विदेश मंत्री जयशंकर ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। कतर स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।