16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रियों से भरी बस में लगी भीषण आग, CRPF की मुस्तैदी से बाल-बाल बचे 52 लोग

Jammu Srinagar Highway Bus Fire: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक यात्री बस में टायर फटने के बाद आग लग गई। सभी 52 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
2 min read
Google source verification
ramban bus fire

यात्रियों से भरी बस में लगी आग (फ़ोटो- ANI)

Ramban Bus Fire: जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर गुरुवार को रामबन जिले के करोल इलाके के पास एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। अच्छी बात गनीमत यह रही कि पास में तैनात सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के जवानों और स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण, बस में सवार सभी 52 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

टायर फटने के बाद बस में लगी आग

रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद एजाज खान ने बताया कि बस अमरनाथ यात्रा के बेस कैंप बालटाल से जम्मू की ओर जा रही थी। करोल इलाके के पास ढलान से नीचे उतरते समय बस का एक टायर अचानक फट गया। टायर फटने के तुरंत बाद आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि ड्राइवर, हेल्पर और सभी यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकाल लिया गया।

CRPF जवानों ने बचाई जान

घटनास्थल के ठीक पास CRPF की 84वीं बटालियन की एक पिकेट तैनात थी। आग की लपटें उठती देख जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। CRPF की 84वीं बटालियन के कमांडेंट विजय सिंह खटाना ने बताया कि बस ढलान से नीचे उतर रही थी तभी टायर में आग लग गई, जो तेजी से फैल गई। जैसे ही जवानों ने बस को आग की लपटों में घिरा देखा, वे तुरंत यात्रियों की मदद के लिए दौड़े। बस में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत कुल 52 लोग सवार थे।

विजय सिंह खटाना ने कहा कि जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खिड़कियों और दरवाजों से सभी यात्रियों को एक-एक करके सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। आपात स्थिति को देखते हुए CRPF के नजदीकी कैंप से एक बड़ा पानी का टैंकर भी तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।

जवानों और स्थानीय पुलिस ने मिलकर कुछ ही मिनटों में सभी 52 यात्रियों को धू-धू कर जल रही बस से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। कुछ ही देर बाद, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पानी के टैंकरों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना की सबसे राहत भरी बात यह थी कि किसी भी यात्री को कोई गंभीर चोट या नुकसान नहीं पहुंचा।

वैकल्पिक गाड़ियों की व्यवस्था की गई

हादसे के बाद, प्रशासन ने यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें ढांढस बंधाया। डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास खान ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित और स्वस्थ हैं। उनका सामान भी सुरक्षित निकालने की कोशिशें की गईं। प्रशासन ने तुरंत यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की, ताकि वे बिना किसी और रुकावट के अपनी बाकी यात्रा पूरी कर सकें।

इस घटना के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया था। हालांकि, क्रेन की मदद से जली हुई बस को सड़क के किनारे हटा दिया गया, जिससे रास्ता साफ हो गया और हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गई।