
TMC की बागी सांसद काकोली घोष (Photo- ANI)
Kakoli Ghosh Dastidar on bribery allegations: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) आंतरिक संकट से गुजर रही है। कई विधायक और सांसद खुलकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बगावत कर रहे हैं। इस उथल-पुथल के बीच बागी TMC की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने गुरुवार को पार्टी नेतृत्व पर भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने ममता बनर्जी की भूमिका पर निशाना साधते हुए कहा, 'आप (मीडिया) केवल अभिषेक बनर्जी के बारे में ही क्यों बात करते हैं? जब निचले स्तर के नेता काम कराने के लिए पैसे मांगते थे, तब वह (ममता बनर्जी) कहां थीं? उन्हें यह सब देखना चाहिए था, जब ऐसा हो रहा था।'
काकोली घोष दस्तिदार का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पार्टी में विभाजन की स्थिति बनती दिख रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, लोकसभा के 28 सांसदों में से 20 सांसद अलग होने की तैयारी में हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा में 58 विधायकों के बागी गुट में शामिल होने की खबर है। इस गुट का नेतृत्व ऋतब्रत बनर्जी कर रहे हैं। बागी गुट ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर खुद को असली तृणमूल कांग्रेस के रूप में मान्यता देने की मांग की है।
एएनआई से बातचीत में काकोली घोष दस्तिदार ने कहा, 'अब तक 20 TMC सांसद हमारे साथ हैं, लेकिन संख्या बढ़ सकती है। लोग हमसे बातचीत कर रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि 20 सांसदों के समूह ने लोकसभा अध्यक्ष से अलग बैठक करने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा, 'हम पश्चिम बंगाल के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे।'
पिछले चार दिनों में TMC के चार राज्यसभा सांसदों ने इस्तीफा दे दिया है। 13 में से 4 सांसद ममता बनर्जी का साथ छोड़ चुके हैं। TMC सांसद प्रकाश चिक बराइक और कोयल मित्तल ने गुरुवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया, जबकि 10 जून को सुष्मिता देव और 8 जून को सुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया।
तृणमूल कांग्रेस में गुरुवार को विवाद तब और बढ़ गया जब पार्टी के वरिष्ठ सांसद और वकील कल्याण बनर्जी ने एक कानूनी मामले को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की सार्वजनिक रूप से आलोचना की और उन पर अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कल्याण बनर्जी ने कहा कि ममता बनर्जी को उनके और अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी में से किसी एक को चुनना चाहिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे अब अभिषेक बनर्जी से जुड़े कानूनी मामलों में उनकी ओर से पेश नहीं होंगे।
Updated on:
11 Jun 2026 11:52 pm
Published on:
11 Jun 2026 11:49 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
