5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाना जरूरी है,बच्चों को गुमराह किया जा रहा है’, बंगाल में RSS द्वारा चलाए जाने वाले एक हजार स्कूल खोलने पर अग्निमित्रा पॉल ने दिया बयान

RSS: पश्चिम बंगाल में आरएसएस से जुड़े विद्या भारती के 1,000 नए स्कूल खोलने की योजना पर अग्निमित्रा पॉल ने समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद पढ़ाना जरूरी है और बच्चों को गुमराह होने से बचाना होगा।
2 min read
Google source verification
Agnimitra Paul

पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल (Photo - ANI)

Agnimitra Paul: पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े शिक्षा संगठन विद्या भारती के 1,000 नए स्कूल खोलने की योजना को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा नेता और मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि बच्चों में राष्ट्रवाद और देश के प्रति प्रेम की भावना पैदा करना जरूरी है। उन्होंने हाल के जेन-जी प्रोटेस्ट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुछ मामलों में बच्चों को गुमराह किया जा रहा है। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाना जरूरी है, लेकिन बच्चों की बात सुनना और उनके नजरिए को समझना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हालिया प्रदर्शनों में NEET जैसे मुद्दों का इस्तेमाल कर देश-विरोधी नारे लगाए गए और 'कश्मीर की आजादी' तथा अनुच्छेद 370 बहाल करने जैसी मांगें उठीं।

'वंदे मातरम् कहने में हिचक क्यों?'

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि देशभक्ति और भारत के प्रति प्रेम की भावना बच्चों में विकसित करना जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि किसी को 'वंदे मातरम्' कहने में हिचकिचाहट क्यों होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में अलग-अलग धर्मों को मानने वाले लोग रहते हैं, लेकिन सबसे पहले सभी भारतीय हैं। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, पारसी, जैन या बौद्ध होना अलग धार्मिक पहचान हो सकती है, लेकिन देश के प्रति पहचान सबसे ऊपर होनी चाहिए। उन्होंने इसी आधार पर कहा कि आज राष्ट्रवादी स्कूल खोलना जरूरी है।

बंगाल में 1,000 नए स्कूल खोलने की योजना

पश्चिम बंगाल में आरएसएस से जुड़ी विद्या भारती द्वारा संचालित स्कूलों की संख्या बढ़ाने की योजना सामने आई है। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक साल के भीतर कम से कम 1,000 नए स्कूल खोलने की बात कही है। फिलहाल राज्य में विद्या भारती के 313 स्कूल चल रहे हैं। अधिकारी ने विशेष तौर पर मुर्शिदाबाद और दक्षिण 24 परगना में स्कूलों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने इन जिलों में राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को लेकर भी आरोप लगाए। यह घोषणा रामकृष्ण मिशन इंस्टीट्यूट ऑफ कल्चर में विद्या भारती की 74वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में की गई। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने संस्था से 'राष्ट्रवादी शिक्षा' को बढ़ावा देने में भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने विद्या भारती के वरिष्ठ पदाधिकारियों को सचिवालय के अधिकारियों से मुलाकात करने और इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए आमंत्रित भी किया।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर शुभेंदु अधिकारी के आरोप

शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान राज्य की शिक्षा व्यवस्था खराब स्थिति में पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार स्कूल शिक्षा में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रवादी मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने वंदे मातरम् को लेकर भी एक घटना का जिक्र किया। अधिकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने वंदे मातरम् का पूरा अंतरा गाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से सरकारी सहायता बंद करने की बात कही गई, जिसके बाद वे कुछ हद तक पीछे हटे। अधिकारी ने दावा किया कि संबंधित लोग खड़े तो हुए, लेकिन उन्होंने होंठ नहीं हिलाए। इसके बाद उन्होंने उनसे कहा कि होंठ भी हिलने चाहिए।