
सांसद शत्रुघ्न सिन्हा(फोटो-आईएएनएस)
Shatrughan Sinha: टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से एक दिन पहले ही उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दे दी है। उन्होंने पीएम मोदी को अपना ‘दोस्त’ बताते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। आपको बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा टीएमसी में आने से पहले बीजेपी के कई बार सांसद रह चुके हैं। कुछ महीनों पहले उनके बीजेपी में वापसी की खबर ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं थीं।
शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर लिखा, 'कल की शुभकामनाओं की बाढ़ में खो जाने से पहले आपको अग्रिम शुभकामनाएं।' इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘our friend’ यानी अपना दोस्त बताते हुए जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं लंबे जीवन की कामना की।
यह पहली बार नहीं है जब शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सार्वजनिक तौर पर सकारात्मक शब्दों का इस्तेमाल किया है। जून 2026 में भी उन्होंने पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल पर बधाई देते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र का 'दोस्त और गाइड' बताया था। इस पोस्ट के बाद उनके टीएमसी छोड़ने और पार्टी के बागी गुट में जाने की अटकलें तेज हुई थीं। हालांकि, इसके तुरंत बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने इन अटकलों को खारिज किया था। उन्होंने साफ कहा था कि वह ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा था कि मुश्किल समय में ममता बनर्जी उनके साथ खड़ी रही थीं और अब उनके मुश्किल समय में वह उनका साथ नहीं छोड़ सकते।
इस पोस्ट के बाद से शत्रुघ्न सिन्हा की बीजेपी में वापसी की चर्चा फिर होने लगी है। उनका लंबा राजनीतिक जुड़ाव बीजेपी से रहा है। वह बीजेपी के टिकट पर पटना साहिब से लोकसभा सांसद रहे और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था। इसके बाद 2022 में वह टीएमसी में शामिल हुए और आसनसोल लोकसभा सीट के उपचुनाव में जीत दर्ज की। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने आसनसोल से टीएमसी उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की।
Updated on:
16 Sept 2026 03:39 pm
Published on:
16 Sept 2026 03:39 pm
