17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

तमिलनाडु उपचुनाव: सीएम विजय की बढ़ी टेंशन? वामपंथी दलों ने घोषित किए उम्मीदवार, दोनों सीटों पर पांचकोणीय मुकाबला

Tamil Nadu by-election 2026: तमिलनाडु के मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनाव में वाम दलों ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। दोनों सीटों पर पांचकोणीय मुकाबला तय होने के साथ चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

kamlesh sharma

Sep 16, 2026

C Joseph Vijay

C Joseph Vijay (फोटो सोर्स- ANI)

Tamil Nadu by-election 2026: चेन्नई। तमिलनाडु में विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। टीवीके की थलपति विजय सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे वामपंथी दलों ने मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसके तहत पी. सुगंधी को मदुरांतकम सीट से माकपा और पी. लक्ष्मणन को धारापुरम सीट से भाकपा का उम्मीदवार बनाया गया है।

निर्माण मजदूर से चुनाव मैदान तक पहुंचे लक्ष्मणन

धारापुरम उपचुनाव में भाकपा उम्मीदवार पी. लक्ष्मणन (41) वर्तमान में निर्माण मजदूर के रूप में कार्यरत हैं। वर्ष 2011 में भाकपा से जुड़े लक्ष्मणन फिलहाल पार्टी के धारापुरम तालुक सचिव हैं। वहीं, मदुरांतकम (आरक्षित) सीट पर माकपा ने राज्य समिति सदस्य पी. सुगंधी को मैदान में उतारा है। वह तमिलनाडु अस्पृश्यता उन्मूलन मोर्चा की महासचिव भी हैं।

दोनों सीटों पर पांच प्रमुख दलों के उम्मीदवार

धारापुरम सीट पर टीवीके की ओर से सत्यभामा, डीएमके की ओर से सुगन्या, एआइएडीएमके की ओर से भानुमति, नाम तमिलर कच्ची की ओर से कार्तिका और भाकपा की ओर से लक्ष्मणन चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह मदुरांतकम में भी पांच प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पांचकोणीय मुकाबला तय हो गया है और चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

दो पूर्व विधायकों के इस्तीफे से खाली हुईं सीटें

गौरतलब है कि एआइएडीएमके में रही पी. सत्यभामा और मर्गदम कुमारवेल ने क्रमश: धारापुरम और मदुरांतकम से इन सीटों पर चुनाव जीता था। नतीजों के बाद दोनों पदों से इस्तीफा दे दिया और टीवीके में शामिल हो गईं। इस वजह से यहां उपचुनाव हो रहे हैं जिसके तहत 6 अक्टूबर को मतदान होंगे।

उपचुनाव में जीतेगी एआइएडीएमके : राजेंद्र बालाजी

एआइएडीएमके के पूर्व मंत्री के.टी. राजेंद्र बालाजी ने कहा कि मदुरांतकम और धारापुरम उपचुनावों में एआइएडीएमके की जीत होगी, जो टीवीके सरकार के लिए एक सीख साबित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रामक प्रचार और राजनीतिक हेरफेर के कारण टीवीके सत्ता में आई है और मुख्यमंत्री विजय की लंदन यात्रा पर जनता सवाल उठा रही है।

राजेंद्र बालाजी ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विजय विधानसभा में सदस्यों के सवालों का जवाब देने के बजाय सिनेमाई संवाद बोल रहे हैं और वर्दीधारी कर्मियों के लिए कोई घोषणा नहीं की गई है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि वामपंथी दलों ने केवल राज्यपाल शासन को रोकने के लिए टीवीके सरकार का समर्थन किया है, जिससे इस गठबंधन सरकार के कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है।

बड़ी खबरें

View All

राष्ट्रीय

ट्रेंडिंग