
सोनम वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन से मांगी छुट्टी (Photo-IANS)
CJP Sansad Chalo March: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल प्रशासन से उन्हें छुट्टी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत अब सामान्य है और वे संसद चलो मार्च में शामिल होना चाहते हैं। दरअसल, सीजेपी प्रदर्शनकारियों द्वारा संसद चलो मार्च निकाला जा रहा है। इस मार्च से पहले शनिवार को सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया था।
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पत्र शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि उनकी स्वास्थ्य संबंधी सभी जांच सामान्य हैं और वे स्वयं को पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।
अपने पत्र में सोनम वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन से अपील की कि उन्हें कम से कम कुछ समय के लिए अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी जाए ताकि वे संसद मार्च में शामिल हो सकें।
उन्होंने लिखा कि मैं आज पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहा हूं और मेरे सभी स्वास्थ्य मानक सामान्य हैं। इसलिए कृपया मुझे अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दें, ताकि मैं आज सुबह संसद तक होने वाले 'संसद चलो' मार्च में शामिल हो सकूं। इसके लिए मैं आपका आभारी रहूंगा।
इधर, संसद मार्च के दौरान CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को पुलिस डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ले गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि सरकार और संगठन के बीच बातचीत जारी है। सौरव दास ने कहा कि हम सरकार के साथ बातचीत कर रहे हैं।
बता दें कि संसद मार्च शुरू होने से पहले जंतर-मंतर पर सीजेपी समर्थकों की भारी भीड़ हो गई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वहां से आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाई हुई थी। भीड़ ने बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। बताया जा रहा है कि कई प्रदर्शनकारियों के चोट भी लगी है।
सीजेपी के संसद चलो मार्च में आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आतिशी शामिल हुए। इसके अलावा सांसद चंद्रशेखर रावण भी शामिल हुए। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह जंतर-मंतर पर युवाओं की आवाज बनने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मैं युवाओं का दर्द समझता हूँ। मैं यहां उनकी आवाज बनने और उनके साथ खड़ा होने के लिए आया हूं। उनके साथ अन्याय हो रहा है। सरकार ऐसा होने दे रही है।
Updated on:
20 Jul 2026 12:43 pm
Published on:
20 Jul 2026 12:23 pm
