
बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या । ( फोटो: x/ @MeghaSPrasad/ IANS)
Shootout : पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद एक बार फिर राजनीतिक हिंसा का खौफनाक दौर लौट आया है। कोलकाता के पास स्थित मध्यमग्राम इलाके में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी गई है। इस दुस्साहसिक वारदात ने पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से सफर कर रहे थे। जैसे ही उनकी कार की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई, तभी पीछे से पीछा कर रहे अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कार के शीशे के आर-पार कुल चार राउंड गोलियां दागीं, जिनमें से तीन गोलियां सीधे चंद्रनाथ को लगीं। राहत की बात केवल यह रही कि हमले के वक्त सुवेंदु अधिकारी उस कार में मौजूद नहीं थे।
इस खौफनाक हत्या के बाद बंगाल का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सुवेंदु अधिकारी के भाई दिब्येंदु अधिकारी ने इस हत्या के पीछे सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस के गुंडों का हाथ होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश है और इस पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए। दूसरी ओर, टीएमसी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए हत्या की निंदा की है और चुनाव के बाद हो रही हिंसा के लिए 'बीजेपी समर्थित उपद्रवियों' को ही जिम्मेदार ठहरा दिया है।
हमले में चंद्रनाथ की कार चला रहे ड्राइवर बुद्धदेव को भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की मनहूस खबर मिलते ही सुवेंदु अधिकारी तुरंत मध्यमग्राम स्थित उस अस्पताल पहुंचे, जहां उनके पीए का शव रखा गया था। हालात को बेकाबू होने से रोकने के लिए कोलकाता पुलिस प्रमुख अजय कुमार नंद ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने उपद्रव और हिंसा के मामलों में अब तक 80 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
चंद्रनाथ रथ केवल एक कर्मचारी नहीं थे; वे पिछले कई सालों से सुवेंदु अधिकारी के सबसे भरोसेमंद रणनीतिकारों में गिने जाते थे। वे अधिकारी के राजनीतिक कामकाज, रैलियों के प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय का अहम जिम्मा संभालते थे। यह वारदात ठीक ऐसे समय में हुई है, जब बीजेपी ने चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। राजनीति के जानकारों का मानना है कि सुवेंदु के "इनर सर्कल" के व्यक्ति की हत्या कर एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने और खौफ पैदा करने की कोशिश की गई है।
Updated on:
07 May 2026 06:20 am
Published on:
07 May 2026 06:19 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
