
Kerala Crime (File Photo)
Father Kills Two Children: तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से परेशान एक पिता ने अपने दो बच्चों की हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, घटना पुडुकोट्टई के पास सेवरियारपुरम इलाके की है। पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय मैरी माइकल ट्रक ड्राइवर था। मृतकों की पहचान उसकी बेटी मैरी निरोशा (14) और बेटे मैरी केनिस्टन (12) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे एक निजी स्कूल में पढ़ते थे। बेटी कक्षा 9वीं और बेटा कक्षा 7वीं का छात्र था।
पुलिस के मुताबिक, माइकल की पत्नी करीब छह महीने पहले परिवार छोड़कर चली गई थी और कथित तौर पर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही थी। इस घटना के बाद माइकल काफी परेशान रहने लगा था। बताया जा रहा है कि तनाव के कारण उसने ट्रक चलाने का काम भी बंद कर दिया था। वह कभी-कभी पेंटिंग का काम करके घर चलाने की कोशिश करता था। परिवार की स्थिति खराब होने के बाद वह मानसिक दबाव में था।
पुलिस जांच के अनुसार, माइकल बच्चों के लिए खाना लेकर आया था। उसने बच्चों को खाना खिलाया और फिर उन्हें सोने के लिए कहा। इसके बाद उसने बिजली के तार बच्चों से बांध दिए और उन्हें बिजली के कनेक्शन से जोड़ दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बच्चों की मौत के बाद पिता ने उसी तार से अपनी जान ले ली।
माइकल के 75 साल के पिता एंथनी मुथु भी उसी घर में रहते थे। घटना के समय वह कमरे के बाहर सो रहे थे। शनिवार दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुडुकोट्टई पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, पुलिस को कमरे में एक चारपाई पर तीनों के शव पड़े मिले। उनके शरीर पर बिजली के तार बंधे हुए थे।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुडुकोट्टई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
12 Jul 2026 08:05 pm
Published on:
12 Jul 2026 08:00 pm
