
निजी स्टील मेल्टिंग यूनिट में हादसे की तस्वीर। (Photo- IANS)
Tamil Nadu steel melting unit: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के गुम्मिडीपुंडी स्थित सिपकॉट (SIPCOT) औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक निजी स्टील मेल्टिंग यूनिट में बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, यूनिट में फर्नेस बॉयलर फटने से बिहार के 26 वर्षीय एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायल श्रमिकों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
हादसे में मरने वाले की पहचान बिहार निवासी रवि रंजन के रूप में हुई है। पुलिस की ओर दी गई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब तांबे को पिघलाने के लिए इस्तेमाल की जा रही भट्टी (फर्नेस) संचालन के दौरान ज्यादा गर्म हो गई। अधिक तापमान के कारण फर्नेस में तेज धमाका हुआ, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विस्फोट इतना भीषण था कि रवि रंजन की मौके पर ही मौत हो गई।
धमाके के बाद पिघली हुई धातु सात अन्य उत्तर भारतीय श्रमिकों पर जा गिरी, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद स्टील मेल्टिंग यूनिट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही गुम्मिडीपुंडी सिपकॉट अग्निशमन एवं बचाव दल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने विस्फोट के बाद लगी आग पर जल्द ही काबू पा लिया और राहत बचाव अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस हादसे में गभीर रूप से झुलसे श्रमिकों को इलाज के लिए चेन्नई के सरकारी किलपॉक मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गुम्मिडीपुंडी के सरकारी अस्पताल और आसपास के कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पोन्नेरी सरकारी अस्पताल भेज दिया है। गुम्मिडीपुंडी सिपकॉट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि अधिक तापमान के कारण फर्नेस में विस्फोट हुआ, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई।
Updated on:
14 Jul 2026 10:30 am
Published on:
14 Jul 2026 10:30 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
