
सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव। (फोटो- ANI)
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू ज्वाइन करने के बाद राजनीति में पूरी तरह से एक्टिव हैं। हाल ही में उन्होंने पूर्व सीएम लालू यादव और राबड़ी देवी के कार्यकाल को बड़ा बयान दिया था।
उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार से पहले बिहार में जिन लोगों की सरकार थी, उसमें अपराध बढ़े। निशांत ने कहा कि पुरानी सरकार में लोगों के बीच भय का माहौल था, सीएम नीतीश ने बिहार को बेहतर बनाया।
निशांत ने एक तरह से अपराध के मामले को लेकर राजद को उकसाया था। इस बयान पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है।
अब तेजस्वी ने बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पिछले दो दशकों के दौरान बिहार में अपराध में भारी वृद्धि का आरोप लगाया है।
निशांत कुमार की हालिया टिप्पणियों को निशाना बनाते हुए तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में 2005 से 2025 के बीच अपराध में काफी वृद्धि हुई है।
राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि संगठित अपराध और गुंडागर्दी व्यापक रूप से फैल गई है और स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
तेजस्वी ने मंगलवार को पटना में मीडिया बातचीत करते हुए कहा- मैंने इस मुद्दे पर विस्तृत आंकड़े राज्य विधानसभा में पहले ही प्रस्तुत कर दिए हैं। साथ ही तेजस्वी ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि और तूफानों के बाद किसानों की दुर्दशा पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने दावा किया कि फसलों को भारी नुकसान हुआ है जबकि सरकार समय पर राहत प्रदान करने में विफल रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग की है।
इस दौरान तेजस्वी से जनता दल (यूनाइटेड) में निशांत कुमार के भविष्य के बारे में पूछा गया। इस पर तेजस्वी ने टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया।
वहीं, तेजस्वी ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार के लोग भय और संकट के माहौल में जी रहे हैं, जहां बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार ने आम आदमी को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जनता कुशासन के खिलाफ कड़ा और निर्णायक जवाब देगी।
Updated on:
24 Mar 2026 09:42 pm
Published on:
24 Mar 2026 09:40 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
