
प्रियंका ने मोदी सरकार पर उठाए सवाल (Photo-IANS)
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान मंगलवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भी सवाल किया। साथ ही टीआरएफ को 2023 में आतंकी संगठन घोषित करने को लेकर मोदी सरकार से सवाल पूछा। लोकसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पहलगाम हमले की जिम्मेदारी TRF नाम के एक आतंकी संगठन ने ली।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि 2019 में टीआरएफ संगठन बना। इसके बाद 2020 में इसने कश्मीर में आतंकवाद का काम शुरू कर दिया। 2020 से 22 अप्रैल 2025 तक टीआरएफ ने 25 आतंकी हमले किए, लेकिन BJP सरकार ने TRF को आतंकी संगठन का दर्जा 2023 में दिया। आखिर इसकी क्या वजह है?
प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इतिहास की बात आप करिए, मैं वर्तमान की बात करना चाहती हूं। इस सरकार को जिम्मेदारी से बचने का सिर्फ बहाना चाहिए.. पूरे परिवार के नाम गिनाते रहते हैं। अपनी जिम्मेदारी खुद लीजिए, 11 साल से सत्ता में आप लोग हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि क्या सरकार के पास ऐसी कोई एजेंसी नहीं है, जो बता सके कि हमारे देश में ऐसा भयानक हमला होने वाला है? पाकिस्तान में ऐसे हमले की योजना बन रही है और भारत में हमें कोई जानकारी ही नहीं है। ये हमारी एजेंसियों की बहुत बड़ी विफलता है। इन एजेंसियों की जिम्मेदारी कौन लेगा? कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि क्या आईबी चीफ ने अपना इस्तीफा दिया? क्या गृह मंत्री ने अपना इस्तीफा दिया?
लोकसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि सत्ता पक्ष के नेताओं ने बार-बार 2008 के मुंबई हमले का जिक्र किया। लेकिन आपको ये जानकारी तो होगी-जब मुंबई में आतंकवादी हमला चल रहा था, तब ही उन आतंकियों को मार डाला गया था। जो एक आतंकी बचा था, उसे भी 2012 में फांसी दे दी गई थी। तब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री ने जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा दिया था। उस समय सरकार की जनता और इस धरती के प्रति जवाबदेही हुआ करती थी।
प्रियंका गांधी ने सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि पहलगाम की बैसरन घाटी में जितने भी लोग मारे गए, उनके लिए वहां कोई सुरक्षा नहीं थी। आप कितने भी ऑपरेशन कर लें, इस सच से नहीं छिप सकते कि उन 25 भारतीयों को आपने कोई सुरक्षा नहीं दी।
Updated on:
29 Jul 2025 08:03 pm
Published on:
29 Jul 2025 05:41 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
