
Waqf Act Protest: वक्फ कानून के खिलाफ देश में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई। अब असम में भी वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा देखने को मिली है। असम के कछार जिले में रविवार को वक्फ कानून का विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।
बता दें कि असम में वक्फ कानून के खिलाफ रविवार सुबह रैली निकाली गई, हालांकि शुरुआत में रैली शांतिपूर्ण निकाली जा रही थी। प्रदर्शनकारियों द्वारा नारे लगाए जा रहे थे। गौरतलब है कि प्रदर्शनकारी बोल रहे थे कि यदि वक्फ कानून को वापस नहीं लिया जाएगा तो आंदोलन और तेज करेंगे। वहीं रैली में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भीड़ पर लाठीचार्ज किया।
वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके को खाली करा दिया है। हालांकि अभी तक किसी को हिरासत या गिरफ्तार करने की खबर सामने नहीं आई है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के दौरान हाल ही में हिंसा भड़क उठी। इस हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक पिता-पुत्र भी शामिल है और कई लोग घायल हुए, जिनमें सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।
पुलिस ने अब तक 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मुर्शिदाबाद में अतिरिक्त बल तैनात किए हैं, जिसमें बीएसएफ की पांच कंपनियां शामिल हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट ने भी हिंसा पर चिंता जताते हुए इसे नजरअंदाज न करने की बात कही।
बीजेपी ने ममता बनर्जी की सरकार पर तुष्टीकरण और हिंदुओं की सुरक्षा में विफलता का आरोप लगाया है। बीजेपी सांसद ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर चार जिलों में AFSPA लागू करने की मांग की है।
Updated on:
13 Apr 2025, 9:48 PM IST
Published on:
13 Apr 2025, 9:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.