
Murshidabad Violence: पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून के विरोध में शुक्रवार को कई जिलों में हिंसक घटनाएं हुई। प्रदेश के मालदा, मुर्शिदाबाद, दक्षिण 24 परगना और हुगली जिले में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी और सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंके गए। इसके अलावा सड़कें भी अवरुद्ध की गई। बता दें कि वक्फ कानून के खिलाफ मुर्शिदाबाद में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को एक बार फिर हिंसा हुई। पुलिस के मुताबिक शमशेरगंज इलाके के जाफराबाद में भीड़ ने पिता-पुत्र की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर की है।
बता दें कि मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा के बाद बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। अब कलकत्ता हाई कोर्ट की ओर से इस मांग को मान लिया गया है।
वक्फ कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा के बीच सीएम ममता बनर्जी का बयान सामने आया है। सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि वक्फ (संशोधन) कानून को राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। यह कानून केंद्र सरकार ने बनाया है और इस पर केंद्र से जवाब मांगा जाना चाहिए।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर लोगों से अपील की है। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा कि सभी धर्मों के लोगों से मेरी अपील है कि कृपया शांत और संयमित रहें। धर्म के नाम पर किसी भी अधार्मिक व्यवहार में शामिल न हों। हर इंसान की जान कीमती है, राजनीति के लिए दंगे मत भड़काओ। जो लोग दंगा कर रहे हैं वे समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
सीएम ममता बनर्जी ने आगे लिखा कि हमने इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है- हम इस कानून का समर्थन नहीं करते हैं। यह कानून हमारे राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। तो फिर दंगा किस बात पर है? उन्होंने कहा कि यह भी याद रखें कि हम दंगे भड़काने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। हम किसी भी हिंसक गतिविधि का समर्थन नहीं करते हैं।
सीएम ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का दुरुपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके बहकावे में मत आइए। मेरा मानना है कि धर्म का अर्थ है मानवता, दया, सभ्यता और सद्भाव। सभी लोग शांति और सद्भाव बनाए रखें।
बीजेपी ने सीएम ममता बनर्जी पर वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्य में हुई हिंसा की घटनाओं का “समर्थन करने, उकसाने और प्रोत्साहित करने” का आरोप लगाया।
Updated on:
12 Apr 2025, 9:33 PM IST
Published on:
12 Apr 2025, 4:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.