7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rain Alert: महाराष्ट्र में मौसम विभाग ने फिर जारी किया अलर्ट, पुणे में अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 5 की मौत

Rain Update: महाराष्ट्र के कई हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है। इस वजह से हालात बिगड़ गए हैं। पुणे में बारिश की वजह से 5 की मौत हो गई है। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Google source verification
Monsoon

मुंबई में भारी बारिश (Photo: IANS)

Weather Update: महाराष्ट्र में भारी बारिश का दौर जारी है। मुंबई समेत कई इलाकों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने रायगढ़ और रत्नागिरी और अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया।

भारतीय मौसम विभाग ने आज यानि मंगलवार को रायगढ़ और रत्नागिरी में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने बारिश से जुड़ी संभावित आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की एक टीम को महाड में तैनात और तैयार रखा गया है। मंत्री अदिति तटकरे ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने लोगों से कहा कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और अपना तथा अपने आस-पास के लोगों का पूरा ध्यान रखें।

पुणे में बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित

पुणे में बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पिछले तीन-चार दिनों से जिले में रेड अलर्ट जारी है। भारी वर्षा के कारण कई इलाकों में भूस्खलन, बाढ़ और सड़कें बंद होने जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। इस बीच पुणे के जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने जिले की स्थिति और प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

जिले में रेड अलर्ट जारी

कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पिछले 3-4 दिनों से रेड अलर्ट जारी है। बीते दो दिनों के दौरान जिले के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कलेक्टर ने बताया कि भूस्खलन और अन्य बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। दो-तीन स्थानों पर भूस्खलन के कारण लोगों की जान गई, जबकि एक स्थान पर दीवार गिरने से कई लोग घायल हुए और एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। कुछ स्थानों पर पशुओं की भी मौत हुई है। हालांकि, अन्य जगहों पर जिन लोगों को मामूली चोटें आई हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

लोनावला में तेज बारिश का दौर जारी

जितेंद्र डूडी ने बताया कि लोनावला क्षेत्र में अभी भी लगातार तेज बारिश हो रही है और वहां जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने वहां राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की अतिरिक्त टीम तैनात की है। लोनावला में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। देहू और आलंदी की यात्रा शुरू होने जा रही है। भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने वारकरियों से विशेष अपील की है कि वे देहू और आलंदी पहुंचने के बजाय पुणे महानगरपालिका क्षेत्र या उसके आगे के निर्धारित पड़ावों से यात्रा में शामिल हों।