26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मौसम ने ली करवट: भीषण गर्मी-लू के बाद आंधी-बारिश के आसार, IMD ने जारी की चेतावनी

मौसम अपडेट: प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करने के बाद मौसम विभाग ने राहत भरी अपडेट दी है। 28 मई से आंधी-बारिश के आसार हैं।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

May 27, 2026

IMD weather update

मौसम ने ली करवट (AI जनरेटेड इमेज)

मौसम ताजा अपडेट: मौसम विज्ञान विभाग ने देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी क्षेत्र के बड़े हिस्सों में अगले कई दिनों तक भीषण से अति भीषण गर्मी और लू की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।

विभाग की ओर से मंगलवार सुबह जारी पूर्वानुमानों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना सहित कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा।

विभाग के ताजा मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 26 से 29 मई के बीच गर्मी और लू की गंभीर स्थिति बनी रहने के आसार हैं। पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ स्थानों पर अति भीषण लू चलने का अनुमान है।

विभाग के अनुमानों में कहा गया है कि पंजाब तथा हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली में आज और कल अति भीषण लू की स्थिति रहेगी।

मौसम विभाग ने राजस्थान में 30 मई तक, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 29 मई तक तथा छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड में भी अगले तीन से चार दिनों तक लू का असर बने रहने का अनुमान जताया है। इस बीच दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच रात के तापमान में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने गर्मी के अनुमानों को देखते हुए राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 28 मई तक उच्चतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और उसके बाद ही राहत मिलने की संभावना है।

विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 28 मई तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 29 से 31 मई के बीच अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम बुलेटिन में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गयी है।

यूपी में 28 से बदलेगा मौसम,आंधी पानी के आसार

प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को 28 मई से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 26 और 27 मई के लिए कई जिलों में रेड वार्निंग जारी की है। हालांकि 28 मई से मौसम करवट लेगा और तेज आंधी, बारिश तथा गरज-चमक के चलते तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 29 मई से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में गर्म एवं शुष्क पछुआ हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। अगले 48 घंटों तक दिन में भीषण लू और रात में भी गर्मी बनी रहेगी। 26 और 27 मई को बांदा, आगरा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं मथुरा, हाथरस और फिरोजाबाद भी गंभीर गर्मी की चपेट में रहेंगे। कानपुर नगर, कानपुर देहात, प्रयागराज, मेरठ, अलीगढ़, इटावा, औरैया समेत कई जिलों में भी लू का प्रभाव बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा हवाओं के असर से प्रदेश में मौसम बदलना शुरू होगा। कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। 28 और 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

29 और 30 मई को रायबरेली, लखनऊ, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और आसपास के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा जरूरत न होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग रखने की भी अपील की गई है।

तेज गर्मी, आंधी और ओलावृष्टि का असर फसलों पर भी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को हल्की सिंचाई, खेतों में नमी बनाए रखने और फसलों को तेज हवाओं से बचाने के उपाय अपनाने की सलाह दी है।