9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ममता बनर्जी पर भड़के BJP अध्यक्ष, कहा- बंगाल में महा-जंगलराज, T का मतलब तोलाबाजी और तुष्टिकरण

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। बंगाल के चुनावी माहौल के बीच बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

2 min read
Google source verification

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Photo- BJP President 'X')

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और TMC पर जमकर हमला होला। नितिन नवीन ने ममता बनर्जी को सुरक्षा, रोजगार, भ्रष्टाचार और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर घेरते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। बीजेपी अध्यक्ष ने TMC शासन को 'महा-जंगलराज' बताया।

पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने चुनावी सभा में कहा कि पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल बन चुका है। उन्होंने आह्वान किया कि अब इसे जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। नितिन नवीन ने दावा किया कि बंगाल के घर-घर से भाजपा के समर्थन और सुरक्षा की मांग उठ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार में घुसपैठ बढ़ी है, जिसके कारण स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर पलायन को मजबूर हो रहे हैं।

कांग्रेस, वामपंथी शासन और TMC ने बंगाल को नुकसान पहुंचाया

नितिन नवीन ने कहा कि पहले कांग्रेस और वामपंथी शासन के बाद अब TMC ने बंगाल की संस्कृति और विरासत को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने TMC का अर्थ समझाते हुए कहा- T का मतलब तोलाबाजी और तुष्टीकरण, M का मतलब माफिया राज और महिलाओं पर अत्याचार तथा C का मतलब करप्शन और कट मनी है। यही TMC का असली चेहरा है। भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि TMC सरकार ने बंगाल के लोगों की जमीन छीनकर घुसपैठियों को दे दी है, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी बदल रही है।

पश्चिम बंगाल में लागू होगा 7वां वेतन आयोग

नितिन नवीन ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल में 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। इसके साथ ही सभी खाली पद भरे जाएंगे और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच करके दोषियों को जेल भेजा जाएगा। नितिन नवीन ने जोर देकर कहा कि दार्जिलिंग की पहाड़ियों से लेकर सुंदरबन तक बदलाव की मांग तेज हो रही है। उन्होंने अलीपुरद्वार को विकास के नए द्वार के रूप में बदलने का संकल्प व्यक्त किया।

बीजेपी की रैली में लगे जय श्री राम के नारे

बीजेपी की चुनावी रैली में हजारों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने जय श्री राम और अबकी बार भाजपा सरकार के नारे लगाए। बता दें कि अलीपुरद्वार की यह सभा भाजपा के मिशन बंगाल का हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें पार्टी पूर्ण राज्य परिवर्तन का वादा कर रही है। ममता बनर्जी सरकार पर भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दों को केंद्र में रखकर भाजपा दक्षिण बंगाल के साथ-साथ उत्तर बंगाल में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।