
शी जिनपिंग के बयान से भारत और चीन के रिश्तों में नया मोड़, photo source: IANS
BRICS Summit 2026 में शामिल होने भारत आए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अब दिल्ली से रवाना हो गए हैं। शनिवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की और BRICS Summit में हिस्सा लिया, लेकिन PM मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर में शामिल नहीं हुए। सूत्रों के मुताबिक, द्विपक्षीय बैठक के बाद जिनपिंग आराम करने के लिए होटल चले गए थे और फिर डिनर में शामिल होने वापस नहीं आए। वहीं, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस भी इस डिनर में मौजूद नहीं थे।
ब्रिक्स सम्मेलन के पहले दिन शनिवार की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में एक विशेष डिनर (Gala Dinner) का आयोजन किया था। इस डिनर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत ब्रिक्स देशों के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। हालांकि, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद इस आयोजन में नजर नहीं आए।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी के साथ अपनी द्विपक्षीय बातचीत खत्म होने के बाद शी जिनपिंग काफी थक गए थे और आराम करने के लिए अपने होटल चले गए थे। इसके बाद वे डिनर के लिए वापस नहीं आ पाए और फिर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
पीएम मोदी द्वारा आयोजित इस डिनर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान के अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहें। राज्यों के मुख्यमंत्रियों में योगी आदित्यनाथ (यूपी), देवेंद्र फडणवीस (महाराष्ट्र), हिमंत बिस्वा सरमा (असम) और पश्चिम बंगाल से सुवेंदु अधिकारी ने भी शिरकत की।
विदेशी मेहमानों के लिए डिनर का मेन्यू बेहद खास रखा गया था। इसमें खांडवी मिल-फ्यूई, खुम्ब गलोटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, गाजर-बीन पोरियाल और मिलेट पुलाव शामिल थे। वहीं मीठे में मेहमानों को पुरानी दिल्ली की मशहूर फ्रूट क्रीम, जलेबी और शहतूत की फिरनी परोसी गई।
भारत 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस सम्मेलन में 11 सदस्य देशों, 10 पार्टनर देशों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। शी जिनपिंग की रवानगी के बाद भी सम्मेलन के अन्य सत्र जारी हैं।
Updated on:
13 Sept 2026 01:19 pm
Published on:
13 Sept 2026 12:44 pm
