9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अबकी बार ऐसा क्या हुआ कि फिर उलझ पड़े कांग्रेस नेता

दावेदारी जताने इस स्तर तक पहुंच गए हैं कांग्रेस नेता

3 min read
Google source verification
congress

congress

नीमच. ऐसा पहली बार नहीं हुआ कि जब कांगे्रस के दिग्गज आपस में उलझे हों। पूर्व में भी आपसी खींचतान सामने आ चुकी है। यहां तक कि हाथापाई की नौबत तक सामने आई थी। तब समझादारों ने हस्तक्षेप कर मामले को सुलझा लिया था। इस बार अहम की लड़ाई के चलते दिग्गज कांग्रेस नेता आमने सामने हुए हैं।

अब बेटे ने की ऐसी हरकत
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नीमच आगमन से पहले एक बार फिर कांग्रेसी आमने सामने हो गए। इस बार भी जावद विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दो प्रबल दावेदार ही आपस में उलझे। मामला एक नेता के हाईवे पर लगे फ्लेक्स फाडऩे को लेकर था। चौकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने ही युवकों को इस कृत्य को अंजाम देते पकड़ा, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं की। मंगलवार रात करीब ढाई तीन बजे हाईव पर गस्त के दौरान पुलिस ने कुछ युवकों को कांग्रेस नेता के फ्लेक्स फाड़ते पकड़ा था। युवकों के इस कृत्य पर पुलिस अधिकारियों युवकों फटकारा भी था। बाद में सबको थाने ले आए। पूछताछ में पता चला कि युवकों में एक जावद से कांग्रेस के टिकट के प्रबल दावेदार राजकुमार अहीर का बेटा है। वो अपने साथियों के साथ जावद से ही एक अन्य दावेदार समंदर पटेल के हवाई पट्टी क्षेत्र में लगे फ्लेक्स फाड़ रहा था। जावद से दोनों टिकट की दौड़ में सबसे आगे हैं। इसके चलते ही अहीर के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर पटेल के फ्लेक्स इसलिए फाड़े कि 12 सितंबर को हवाई पट्टी से गुजरते समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की नजर उन पर न पड़े। देर रात हुई इस घटना के बाद कांग्रेस खेमे में खलबली मच गई। एक ही पार्टी के दो दिग्गज नेताओं के बीच प्रचार प्रसार को मची खींचतान ने तूल पकड़ लिया। रात को ही पुलिस ने समंदर पटेल और राजकुमार अहीर को पूरे कृत्य की सूचना दी। दोनों थाने भी पहुंचे। बताया जाता है कि पुलिस की मौजूदगी में राजकुमार अहीर ने समंदर पटेल से अपने बेटे के कृत्य को लेकर माफी मांगी तब कही जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने भी युवकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

पूर्व में पाटीदार से उलझे थे अहीर
एक डेढ़ महीने पहले भी जावद विधानसभा सीट से ही दो दावेदार जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीत कांठेड़ का कार में बैठाने की बात पर उलझ गए थे। तब राजकुमार अहीर और पूर्व जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार आमने सामने हुए थे। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी। तब जैसे तैसे जिलाध्यक्ष ने दोनों को समझाकर शांत किया था। लेकिन दोनों नेता एक बार फिर जिला कांगे्रस कार्यालय में उलझ बैठे थे। तब दोनों ने खुलकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए थे।

मेरा बेटा तो था ही नहीं
जिन युवकों ने फ्लेक्स फाड़े थे उनमें मेरा बेटा नहीं था। कुछ लड़के फ्लेक्स उठाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें पकड़ा था। पुलिस ने करणी सेना के लोग समझकर पकड़ लिया था।
-राजकुमार अहीर, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष

अहीर के बेटे ने साथियों के साथ फाड़े थे फ्लेक्स
मुझे तो पता ही नहीं था कि कहा मेरे लगे फ्लेक्स को फाड़ा गया है। जिन युवकों ने फ्लेक्स फाड़े थे उन्हें पुलिस ने ही पकड़ा था। हवाई पट्टी क्षेत्र में फ्लेक्स लगे थे। बाद में पता चला था कि जिन युवकों को पुलिस ने पकड़ा था उनके राजकुमार अहीर का लड़का भी था। बाद में रात करीब ढाई-तीन बजे थाने पर अहीर ने पहुंचकर गलती स्वीकार की। बच्चे हैं कहकर कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कही थी। चूंकि आपस का मामला था इसलिए मैंने भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने के लिए कहा है। अहीर की अपने समर्थकों पर कमांड नहीं है।
- समंदर पटेल, कांग्रेस नेता जावद विधानसभा क्षेत्र

नहीं मिली शिकायत
फ्लेक्स फाड़े जाने के संबंध में किसी ने लिखित शिकायत नहीं है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- नरेंद्र सोलंकी, सीएसपी