
thief brutally beaten by car showroom owner and his associates (फोटो- Patrika.com)
MP news: मध्य प्रदेश के नीमच जिले में देर रात बीच सड़क पर दिल दहला देने वाला नजारा देखने को मिली। जिले के मनासा कस्बे में गुरुवार देर रात सड़क पर सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। इंदौर के एक कार शोरूम से गाड़ी चोरी कर भागे युवक को शोरूम मालिक और उसके साथियों ने लाठियों से बेरहमी से पीटा। घायल युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पता रहा,लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के गांव देवरी का रहने वाला 35 वर्षीय प्रकाश पिता नाथूलाल नायक 7 अप्रैल को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित 'डेली ऑटोडील' शोरूम पर गया था। वहां उसने टेस्ट ड्राइव के नाम पर कार मांगी और उसे लेकर फरार हो गया। शोरूम मालिक और उसके साथी तभी से प्रकाश की तलाश कर रहे थे।तलाशी के दौरान उन्हें पता चला कि प्रकाश पिछले एक महीने से मनासा में किराए का कमरा लेकर रह रहा है।
शोरूम मालिक और उसके साथियों ने प्रकाश को पकड़ने के लिए उसकी महिला मित्र रेणुका का सहारा लिया।रेणुका ने फोन करके प्रकाश को मिलने के लिए एक निश्चित जगह पर बुलाया। जैसे ही प्रकाश वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे इंदौर के तीन पुरुषों और तीन महिलाओं ने उसे घेर लिया। जब उनसे कार के बारे में पूछा गया तो प्रकाश ने कहा कि गाड़ी उसके पास नहीं है, उसने उसे बेच दिया है। यह सुनते ही सभी लोग भड़क गए और उस पर लाठियों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर युवक को तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। प्रकाश बीच सड़क पर खून से लथपथ होकर मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन भीड़ में से कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार सुबह कार्रवाई करते हुए इंदौर निवासी एहसान, शुभम और शेखर के साथ ही दुर्गा, रेणुका और बबीता को हिरासत में लिया गया है। घायल प्रकाश ने अपनी प्रेमिका रेणुका पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
Updated on:
10 Apr 2026 04:19 pm
Published on:
10 Apr 2026 04:16 pm
बड़ी खबरें
View Allनीमच
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
