
दिल्ली में जिम के बाहर हुई फायरिंग में आप ने गृह मंत्री अमित शाह को घेरा (Photo-IANS)
AAP Targets Amit Shah: दिल्ली के पश्चिम विहार में 24HS फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। शुरुआत में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि यह जिम सिंगर गुरु रंधावा का है और सलमान खान से उनकी नजदीकियों की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद साफ कर दिया कि जिम का गुरु रंधावा से कोई संबंध नहीं है। इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह को घेरते हुए सवाल कर जवाब देने को कहा है।
गुरुवार तड़के करीब 5 बजे पश्चिम विहार स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और 7 राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलसि ने मौके पर पहुंचकर जिम के बाहर से जरूरी सबूत इकट्ठे किए और जांच में जुट गई।
जिम पर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में कहा गया कि गुरु रंधावा को पहले भी सलमान खान से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज किया। साथ ही गैंग के दुश्मनों को खुली धमकी भी दी गई।
दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच में वायरल पोस्ट के दावों को गलत बताया है । अधिकारियों के अनुसार जिस 24HS फिटनेस जिम पर फायरिंग हुई है, उसका गुरु रंधावा से कोई सीधा संबंध नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि जिम का मालिक टैगोर गार्डन क्षेत्र का निवासी है। साथ ही वायरल पोस्ट की सत्यता की भी जांच की जा रही है।
फायरिंग की घटना के बाद दिल्ली पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए कई पुलिस टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे असली मकसद क्या था और वायरल धमकी भरे पोस्ट का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।
Updated on:
11 Jun 2026 02:15 pm
Published on:
11 Jun 2026 02:00 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
